Haridwar Kumbh 2027 Uttarakhand Government
Headlines

Dehradun: मुख्यमंत्री धामी ने जारी किया भाजपा सरकार का रिपोर्ट कार्ड, 5 साल के कार्यकाल और 10 साल की उपलब्धियों के साथ जनता के बीच जाएगी पार्टी

Dehradun: मुख्यमंत्री धामी ने जारी किया भाजपा सरकार का रिपोर्ट कार्ड, 5 साल के कार्यकाल और 10 साल की उपलब्धियों के साथ जनता के बीच जाएगी पार्टी
शेयर करे-

Dehradun: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को भाजपा सरकार के कार्यकाल का रिपोर्ट कार्ड जारी करते हुए विकास, सुशासन, रोजगार, महिला सशक्तिकरण, निवेश और आधारभूत सुविधाओं के क्षेत्र में सरकार की उपलब्धियां गिनाईं। इस दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में उत्तराखंड विकास, सांस्कृतिक गौरव और आत्मनिर्भरता की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। वहीं, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कहा कि पार्टी पांच साल के सरकार के रिपोर्ट कार्ड और केंद्र तथा राज्य में भाजपा के दस वर्षों की उपलब्धियों को लेकर जनता के बीच जाएगी।

राजधानी देहरादून में आईएसबीटी के समीप एक निजी संस्थान में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री धामी ने सरकार की उपलब्धियों का लेखा-जोखा प्रस्तुत किया। उन्होंने प्रदेश की जनता का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सरकार ने अपने दोनों कार्यकाल में विकास के साथ प्रदेश की सांस्कृतिक पहचान और विरासत के संरक्षण को भी प्राथमिकता दी है। सरकार का संकल्प विकास, रोजगार, स्वरोजगार, गरीब कल्याण और सांस्कृतिक विरासत को साथ लेकर आगे बढ़ने का रहा है।

मुख्यमंत्री ने अपने पहले कार्यकाल के दौरान कोरोना महामारी की चुनौतियों का जिक्र करते हुए कहा कि सरकार ने कठिन परिस्थितियों में स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार किया और प्रभावित वर्गों तक सहायता पहुंचाई। कोविड वॉरियर्स को प्रोत्साहन एवं सम्मान राशि दी गई। पर्यटन, परिवहन और संस्कृति क्षेत्र के प्रभावित लोगों के लिए करीब 200 करोड़ रुपये, चिकित्सा क्षेत्र के लिए 205 करोड़ रुपये और महिला स्वयं सहायता समूहों तथा स्वरोजगार से जुड़े लोगों के लिए 118 करोड़ रुपये के राहत पैकेज स्वीकृत किए गए। वहीं, कोविड प्रभावित परिवारों के निराश्रित बच्चों को मुख्यमंत्री वात्सल्य योजना के माध्यम से आर्थिक और सामाजिक सुरक्षा दी गई।

35 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी

मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2022 में दोबारा सरकार बनने के बाद विकास के एजेंडे को व्यापक स्वरूप दिया गया। पिछले साढ़े चार वर्षों में 35 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरियां दी गई हैं। भर्ती परीक्षाओं में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए सख्त नकल विरोधी कानून लागू किया गया। उपनल कर्मचारियों को समान कार्य के लिए समान वेतन का लाभ दिया गया है।

वैश्विक रोजगार योजना के तहत जर्मन और जापानी भाषा प्रशिक्षण के 158 केंद्र संचालित किए जा रहे हैं। अक्टूबर 2026 तक 106 युवाओं को विदेशों में रोजगार मिला है। प्रदेश में स्टार्टअप की संख्या भी करीब 700 से बढ़कर 1,700 से अधिक हो गई है।

3.10 लाख से अधिक महिलाएं बनीं लखपति दीदी

महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए मुख्यमंत्री ने बताया कि सरकारी नौकरियों में महिलाओं को 30 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण का कानूनी अधिकार दिया गया है। प्रदेश में 3.10 लाख से अधिक महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी हैं। स्वयं सहायता समूहों को पांच लाख रुपये तक का ब्याजमुक्त ऋण उपलब्ध कराया जा रहा है।

हाउस ऑफ हिमालयाज ब्रांड की बिक्री छह करोड़ रुपये के पार पहुंच गई है, जिससे करीब 5,500 महिलाएं सीधे आर्थिक गतिविधियों से जुड़ी हैं। नंदा गौरा योजना के तहत बेटियों के जन्म पर 11 हजार रुपये और 12वीं उत्तीर्ण करने पर 51 हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी जा रही है।

किसानों और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को बढ़ावा

किसानों की आय बढ़ाने के लिए स्टेट मिलेट्स पॉलिसी, कीवी नीति, ड्रैगन फ्रूट नीति और उत्तराखंड महक क्रांति नीति लागू की गई है। कीवी उत्पादन में 70 प्रतिशत और ड्रैगन फ्रूट की खेती में 80 प्रतिशत तक सब्सिडी का प्रावधान किया गया है।

महक क्रांति के तहत 23 हजार हेक्टेयर क्षेत्र में सुगंधित फसलों की खेती और सात अरोमा वैली विकसित करने का लक्ष्य रखा गया है। पशुपालन, बकरीपालन और भेड़पालन के माध्यम से 11,500 से अधिक लोगों को स्वरोजगार से जोड़ा गया है। बद्री गाय के घी को जीआई टैग मिलना भी प्रदेश की स्थानीय पहचान के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया गया।

शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार

शिक्षा के क्षेत्र में मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 लागू करने वाला देश का पहला राज्य बना है। पीएम श्री योजना के तहत 225 विद्यालयों का चयन किया गया है, जबकि 500 राजकीय माध्यमिक विद्यालयों में वर्चुअल कक्षाएं संचालित हो रही हैं।

स्वास्थ्य सेवाओं का जिक्र करते हुए उन्होंने बताया कि अटल आयुष्मान उत्तराखंड योजना के तहत 63.32 लाख आयुष्मान कार्ड बनाए गए हैं। योजना के माध्यम से 17.36 लाख से अधिक मरीजों को 3,717 करोड़ रुपये से अधिक का कैशलेस उपचार उपलब्ध कराया गया है। प्रदेश में छह सरकारी मेडिकल कॉलेज संचालित हैं, जिनमें तीन पिछले पांच वर्षों में शुरू हुए हैं। एम्स ऋषिकेश से देश की पहली हेलीकॉप्टर एम्बुलेंस सेवा का संचालन भी महत्वपूर्ण उपलब्धि है।

यूसीसी लागू करने वाला पहला राज्य बना उत्तराखंड

कानून व्यवस्था और सुशासन के क्षेत्र में सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि 27 जनवरी 2025 को उत्तराखंड समान नागरिक संहिता लागू करने वाला स्वतंत्र भारत का पहला राज्य बना। इसके अलावा नकल विरोधी कानून, सख्त धर्मांतरण विरोधी कानून और सार्वजनिक एवं निजी संपत्ति क्षति वसूली कानून लागू किए गए हैं।

सख्त भू-कानून के माध्यम से पर्वतीय क्षेत्रों की कृषि एवं बागवानी भूमि के संरक्षण की दिशा में कदम उठाया गया है। प्रदेश में 13 हजार एकड़ से अधिक सरकारी भूमि को अवैध अतिक्रमण से मुक्त कराया गया है। भ्रष्टाचार के खिलाफ सरकार जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है।

दिल्ली-देहरादून कॉरिडोर से कनेक्टिविटी को मिलेगी रफ्तार

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में प्रदेश में सड़क, रेल और हवाई कनेक्टिविटी का तेजी से विस्तार हो रहा है। करीब 12 हजार करोड़ रुपये की लागत से 213 किलोमीटर लंबे दिल्ली-देहरादून इकोनॉमिक कॉरिडोर का शुभारंभ हुआ है। ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना का करीब 75 प्रतिशत निर्माण कार्य पूरा हो चुका है।

केदारनाथ और हेमकुंड साहिब रोपवे परियोजनाओं का शिलान्यास, देहरादून-मसूरी रोपवे का निर्माण और ऋषिकेश बाईपास जैसी परियोजनाएं प्रदेश की कनेक्टिविटी को नई दिशा देंगी। राज्य में हेलीपोर्ट की संख्या दो से बढ़कर सात और हेलीपैड की संख्या 60 से बढ़कर 118 हो गई है।

चारधाम यात्रा में 65 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने किए दर्शन

पर्यटन और धार्मिक विरासत के विकास को लेकर मुख्यमंत्री ने कहा कि चारधाम यात्रा, शीतकालीन यात्रा और मानसखंड मंदिर माला मिशन के माध्यम से उत्तराखंड को वर्षभर पर्यटन का प्रमुख केंद्र बनाने का प्रयास किया जा रहा है। इस वर्ष चारधाम यात्रा में 65 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने दर्शन किए हैं।

हरिद्वार कुंभ-2027 की तैयारियों के लिए 500 करोड़ रुपये जारी किए गए हैं। आदि कैलाश, मुखबा, हनोल और यमुना कॉरिडोर सहित अन्य धार्मिक स्थलों के विकास पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

3.56 लाख करोड़ के निवेश समझौते, एक लाख करोड़ से अधिक का निवेश धरातल पर

निवेश और उद्योग के क्षेत्र में मुख्यमंत्री ने बताया कि दिसंबर 2023 में आयोजित ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट के दौरान 3.56 लाख करोड़ रुपये के निवेश समझौते हुए थे। इनमें से एक लाख एक हजार करोड़ रुपये से अधिक के निवेश की ग्राउंडिंग हो चुकी है। प्रदेश में 30 से अधिक नई नीतियां तैयार की गई हैं।

सौर ऊर्जा की स्थापित क्षमता वर्ष 2021-22 के 439 मेगावाट से बढ़कर एक हजार मेगावाट से अधिक हो गई है। टिहरी में एक हजार मेगावाट के वेरिएबल स्पीड पम्प्ड स्टोरेज प्लांट की चारों इकाइयों का संचालन शुरू होना भी ऊर्जा क्षेत्र की बड़ी उपलब्धि बताया गया।

आपदा प्रबंधन और खेलों में भी गिनाईं उपलब्धियां

मुख्यमंत्री ने आपदा प्रबंधन के क्षेत्र में सिलक्यारा सुरंग में फंसे 41 श्रमिकों के सुरक्षित रेस्क्यू और केदारघाटी आपदा के दौरान 15 हजार से अधिक लोगों को सुरक्षित निकालने का उल्लेख किया। वाइब्रेंट विलेज कार्यक्रम के तहत 51 सीमांत गांवों में 270 करोड़ रुपये से अधिक की विकास योजनाओं पर काम चल रहा है। मुख्यमंत्री पलायन रोकथाम योजना के माध्यम से 6,500 से अधिक लोगों की गांवों में वापसी हुई है।

खेलों के क्षेत्र में 38वें राष्ट्रीय खेलों की सफल मेजबानी और प्रदेश के खिलाड़ियों द्वारा 103 पदक जीतने को भी सरकार की उपलब्धि बताया गया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि नीति आयोग के सतत विकास लक्ष्य सूचकांक 2023-24 में उत्तराखंड का प्रथम स्थान और निवेश अनुकूलता सूचकांक-2026 में पर्वतीय एवं पूर्वोत्तर राज्यों में पहला स्थान प्रदेश की विकास यात्रा को दर्शाता है। सरकार का लक्ष्य वर्ष 2047 तक उत्तराखंड को विकसित, आत्मनिर्भर और समृद्ध राज्यों की अग्रिम पंक्ति में शामिल करना है।

तीसरी बार भाजपा सरकार बनने का महेंद्र भट्ट ने जताया भरोसा

कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट ने कहा कि भाजपा सरकार की उपलब्धियों को हर वर्ष जनता के बीच रखा जाता है, लेकिन चुनावी वर्ष में इन उपलब्धियों का विस्तृत लेखा-जोखा जनता तक पहुंचाना जरूरी है। इसी उद्देश्य से सरकार का रिपोर्ट कार्ड जारी किया गया है।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड के विकास के लिए कई महत्वपूर्ण कार्य हुए हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का उत्तराखंड से विशेष लगाव रहा है और केंद्र सरकार ने प्रदेश की विकास योजनाओं में लगातार सहयोग दिया है। पिछले दस वर्षों में राज्य ने विकास के विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय प्रगति की है।

महेंद्र भट्ट ने कहा कि भाजपा विकास के मुद्दों और अपनी उपलब्धियों को लेकर जनता के बीच जाएगी। सरकार ने जो काम किए हैं, वही आगामी चुनाव में पार्टी के प्रमुख मुद्दे होंगे। उन्होंने विश्वास जताया कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड में तीसरी बार भाजपा की सरकार बनेगी। साथ ही कहा कि मीडिया और जनता से मिलने वाले सुझावों को भी सरकार के कार्यों में शामिल किया जाएगा।

कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश प्रभारी एवं राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राम माधव, सह प्रभारी अरविंद मेनन, पूर्व मुख्यमंत्री रमेश पोखरियाल निशंक, त्रिवेंद्र सिंह रावत, विजय बहुगुणा, तीरथ सिंह रावत, राज्यसभा सांसद नरेश बंसल, प्रदेश महामंत्री संगठन फणींद्रनाथ शर्मा, कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक, सतपाल महाराज, धन सिंह रावत, गणेश जोशी, खजान दास, सुबोध उनियाल, रेखा आर्य, प्रदीप बत्रा सहित पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी, विधायक और अन्य नेता मौजूद रहे।

For latest news updates click here

News Update

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *