॰ कैंची धाम मेले के सफल संचालन से लेकर 912 खोए मोबाइल वापस करने तक, एसएसपी मंजुनाथ टीसी ने एक साल में जीता जनता का दिल
Nainital: नैनीताल जिले में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजुनाथ टीसी के एक वर्ष के कार्यकाल के दौरान पुलिस ने अपराध और नशा तस्करी के खिलाफ कई बड़ी कार्रवाइयां की हैं। इस दौरान पुलिस ने कहीं छह घंटे में दोहरे हत्याकांड का खुलासा किया तो कहीं 10 से 48 घंटे के भीतर गंभीर वारदातों में शामिल आरोपियों को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे पहुंचाया। नशा तस्करी के खिलाफ भी व्यापक अभियान चलाते हुए नैनीताल पुलिस ने 10 करोड़ 93 लाख रुपये कीमत के मादक पदार्थ बरामद किए हैं। एनडीपीएस एक्ट के तहत 150 मुकदमे दर्ज कर 184 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस की ओर से जारी कार्यकाल की उपलब्धियों के अनुसार, हल्द्वानी की बड़ी मंडी में हुए बहुचर्चित दोहरे हत्याकांड का महज छह घंटे में खुलासा करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। वहीं, वल्दियाखान क्षेत्र में महिला पर्यटक के साथ दुष्कर्म के प्रयास, लूट और मारपीट के मामले में टैक्सी चालक को 10 घंटे के भीतर गिरफ्तार किया गया। कालाढूंगी क्षेत्र में ट्रैक्टर से कार सवार को कुचलने का प्रयास करने वाले आरोपी को भी 12 घंटे के भीतर ट्रैक्टर समेत पकड़ लिया गया।
हल्द्वानी के जज फार्म गोलीकांड और हत्या के मामले में पुलिस ने 24 घंटे के भीतर पार्षद को गिरफ्तार कर गैंगस्टर एक्ट के तहत जेल भेजा। मुखानी क्षेत्र में बुजुर्ग महिला से झपटमारी करने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार कर सोने के कुंडल बरामद किए गए। मुखानी स्थित एक कार्यालय में चोरी के मामले में भी 24 घंटे के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर 3 लाख 17 हजार 500 रुपये की नकदी और दस्तावेज बरामद किए गए।
इसी तरह मुखानी के चर्चित राधिका ज्वैलर्स चोरी प्रकरण में पुलिस ने 48 घंटे के भीतर मकसूद समेत तीन शातिर आरोपियों को बनबसा से गिरफ्तार कर करीब 22 लाख रुपये का सोना बरामद किया। लालकुआं क्षेत्र में 35 लाख रुपये से अधिक कीमत के सोने के आभूषणों से जुड़ी तीन चोरियों का भी खुलासा किया गया।
नैनीताल पुलिस ने गोरापड़ाव डकैती कांड का खुलासा करते हुए नौ आरोपियों को गिरफ्तार किया। उनके कब्जे से सात तमंचे, 19 कारतूस, तीन वाहन और लूटी गई 2 लाख 39 हजार रुपये की नकदी बरामद की गई। रामनगर में एक रिजॉर्ट में संचालित सेक्स रैकेट का भंडाफोड़ कर 51 लोगों को गिरफ्तार किया गया। भवाली में एक प्रभावशाली व्यक्ति से जुड़े सेक्सटॉर्शन मामले का भी पर्दाफाश किया गया।
रामनगर में नवविवाहिता की दहेज हत्या के मामले में पति, सास, जेठ और ननद को गिरफ्तार किया गया। वहीं, बुजुर्ग महिला की हत्या के मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर घटना का खुलासा किया गया। गौला पार क्षेत्र में करोड़ों रुपये के आईपीएल सट्टा गिरोह का पर्दाफाश करते हुए महज एक घंटे में तीन सटोरियों को गिरफ्तार किया गया।
मुखानी क्षेत्र में हुई दो चोरियों का खुलासा कर अंतरराज्यीय चोर को गिरफ्तार किया गया। आरोपी के कब्जे से नौ लाख रुपये से अधिक कीमत के सोने-चांदी के आभूषण और नकदी बरामद की गई। अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम गौलापार में ईवीसीएल क्रिकेट लीग से जुड़ी 32 लाख रुपये की धोखाधड़ी के मामले में आरोपी को गिरफ्तार कर बैंक खाते फ्रीज किए गए। इसके अलावा अधिक ब्याज और गारंटी का झांसा देकर करीब 6.7 करोड़ रुपये की ठगी करने वाले दो मुख्य आरोपियों को भी गिरफ्तार किया गया।
रामनगर में घर और रिजॉर्ट में हुई दो चोरियों का खुलासा करते हुए पुलिस ने 30 लाख रुपये से अधिक के सोने के आभूषण और 12 लाख रुपये की नकदी बरामद की। वहीं, रामनगर के पूछड़ी क्षेत्र में फेस-1 और फेस-2 में प्रभावी कार्रवाई करते हुए अवैध अतिक्रमण ध्वस्त किया गया।
अपराध नियंत्रण के साथ जनसेवा के क्षेत्र में भी नैनीताल पुलिस ने महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की। पुलिस ने 80 लाख रुपये से अधिक कीमत के 912 खोए हुए मोबाइल फोन बरामद कर उनके वास्तविक स्वामियों को वापस सौंपे।
एसएसपी डॉ. मंजुनाथ टीसी के कार्यकाल में 28 अक्टूबर 2025 से 25 नवंबर 2026 तक एनडीपीएस एक्ट के तहत चलाए गए अभियान में पुलिस ने कुल 150 अभियोग पंजीकृत किए और 184 आरोपियों को गिरफ्तार किया। इस दौरान बरामद मादक पदार्थों की अनुमानित कीमत 10 करोड़ 93 लाख रुपये बताई गई है।
बरामदगी में 25 किलो 846 ग्राम चरस, जिसकी कीमत करीब 51.60 लाख रुपये है, 3 किलो 24 ग्राम 675 मिलीग्राम स्मैक, जिसकी कीमत करीब 9.72 करोड़ रुपये है, और 179 किलो 215 ग्राम गांजा शामिल है, जिसकी कीमत करीब 44.80 लाख रुपये आंकी गई है।
इसके अलावा 34 किलो 799 ग्राम डोडा, 1,422 नशीले कैप्सूल और गोलियां तथा 2,325 नशीले इंजेक्शन भी बरामद किए गए। इनकी अनुमानित कीमत क्रमशः करीब 1.74 लाख, 71,100 और 1.16 लाख रुपये बताई गई है।
पुलिस के लिए कैंची धाम जैसे चुनौतीपूर्ण मेले का सफल आयोजन भी बड़ी उपलब्धि रहा। भारी भीड़ और यातायात दबाव के बावजूद पुलिस ने व्यवस्थाओं को सुचारु बनाए रखते हुए श्रद्धालुओं और आमजन को सुविधाजनक आवागमन उपलब्ध कराया। इस व्यवस्था को लेकर आमजनमानस की ओर से भी पुलिस की सराहना की गई।
कुल मिलाकर, एसएसपी डॉ. मंजुनाथ टीसी के एक वर्ष के कार्यकाल में नैनीताल पुलिस ने हत्या, लूट, चोरी, धोखाधड़ी और नशा तस्करी जैसे मामलों में त्वरित कार्रवाई के साथ कई बड़ी उपलब्धियां दर्ज की हैं। पुलिस इन कार्रवाइयों को अपराध नियंत्रण और जनसुरक्षा की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि के रूप में प्रस्तुत कर रही है।
For latest news updates click here

Chief Editor, Aaj Khabar
