Nainital: उत्तराखंड शासन ने पुलिस महकमे में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए 17 भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) अधिकारियों के तबादले किए हैं। 25 नवंबर 2026 को जारी शासनादेश के तहत नैनीताल जिले के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) मंजूनाथ टीसी का भी तबादला कर दिया गया है। उनकी जगह अर्पण यदुवंशी को नैनीताल जिले का नया एसएसपी नियुक्त किया गया है।
शासनादेश के अनुसार, मंजूनाथ टीसी को 31वीं वाहिनी पीएसी रुद्रपुर का सेनानायक बनाया गया है। वहीं, अर्पण यदुवंशी अब नैनीताल जिले में पुलिस की कमान संभालेंगे। उनके सामने जिले में कानून व्यवस्था बनाए रखने, अपराध नियंत्रण और पुलिसिंग को प्रभावी बनाने की जिम्मेदारी होगी।
बता दें कि शासन की ओर से किए गए इस फेरबदल में नैनीताल के अलावा ऊधमसिंह नगर, पौड़ी और टिहरी समेत कई जिलों के एसएसपी भी बदले गए हैं। ऊधमसिंह नगर में अजय गणपति की जगह मणिकांत मिश्रा को एसएसपी बनाया गया है। अजय गणपति को एसडीआरएफ का सेनानायक नियुक्त किया गया है।
वहीं, टिहरी में श्वेता चौबे की जगह सरिता डोबाल को एसएसपी की जिम्मेदारी सौंपी गई है। श्वेता चौबे को आईआरबी द्वितीय का सेनानायक बनाया गया है। शासनादेश में सभी स्थानांतरित अधिकारियों को तत्काल नई तैनाती पर कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए गए हैं।
For latest news updates click here

Chief Editor, Aaj Khabar
