Haridwar Kumbh 2027 Uttarakhand Government
Headlines

Haldwani: हल्द्वानी में फिर खुलेगी स्मैक तस्करों की कुंडली, ‘मंत्री’ से ‘डॉक्टर’ और ‘चच्ची’ तक पुलिस खंगालेगी असली चेहरे

Haldwani: हल्द्वानी में फिर खुलेगी स्मैक तस्करों की कुंडली, ‘मंत्री’ से ‘डॉक्टर’ और ‘चच्ची’ तक पुलिस खंगालेगी असली चेहरे
शेयर करे-

Haldwani: नैनीताल जिले में नशे के कारोबार से जुड़े तस्करों की दुनिया भी अजीबोगरीब उपनामों से भरी हुई है। यहां स्मैक तस्करी के धंधे में कोई ‘मंत्री’ के नाम से पहचाना जाता है तो कोई ‘डॉक्टर’ बनकर अपनी पहचान बनाए हुए है। इसी तरह ‘चीमा’, ‘चच्ची’, ‘हरिया’, ‘लंगड़ा’ और ‘गंठा’ जैसे नाम भी पुलिस के रिकॉर्ड में दर्ज हैं। अब इन चर्चित उपनामों के पीछे छिपे असली चेहरों और उनके आपराधिक नेटवर्क को पुलिस एक बार फिर खंगालने जा रही है।

दरअसल, जिले में नशे के खिलाफ चल रही कार्रवाई के बीच पुलिस ने स्मैक और अन्य मादक पदार्थों की तस्करी में पहले गिरफ्तार हो चुके आरोपियों को दोबारा चिह्नित कर उनका सत्यापन कराने की तैयारी की है। इसके लिए दो दिवसीय विशेष अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत पुलिस टीमें पुराने आरोपियों का आपराधिक रिकॉर्ड खंगालने के साथ ही उनकी वर्तमान गतिविधियों और नशे के कारोबार से जुड़े नेटवर्क की जानकारी जुटाएंगी।

नशे की दुनिया में ‘मंत्री’ के नाम से चर्चित बनभूलपुरा निवासी मोहम्मद रिजवान मादक पदार्थों के क्रय-विक्रय में इसी उपनाम का इस्तेमाल करता है। उसे कई बार गिरफ्तार किया जा चुका है। वहीं, बनभूलपुरा निवासी शहनवाज सिद्दीकी कुछ समय तक कंपाउंडर का काम कर चुका है। इसी वजह से अपराध की दुनिया में आने के बाद उसका नाम ‘डॉक्टर’ पड़ गया।

बनभूलपुरा निवासी राजा के पैर में दिक्कत होने के कारण उसे ‘लंगड़ा’ के नाम से जाना जाता है। बीते 11 नवंबर को उसे नशे के इंजेक्शन के साथ गिरफ्तार किया गया था। वहीं, किच्छा के सिरौलीकलां निवासी नदीम खान की लंबाई कम होने के चलते उसका नाम ‘गंठा’ पड़ गया। उसके खिलाफ भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं।

इसी तरह कालाढूंगी निवासी यश कुमार उर्फ ‘हरिया’ भी नशा तस्करी में लिप्त बताया गया है। कुछ समय पहले उसे 5.70 ग्राम स्मैक के साथ गिरफ्तार किया गया था। काठगोदाम के बागजाला निवासी शकीला को क्षेत्र में ‘चच्ची’ के नाम से जाना जाता है। पुलिस उसे भी मादक पदार्थों की तस्करी के मामले में गिरफ्तार कर चुकी है। वहीं, मुखानी निवासी कैलाश शर्मा उर्फ ‘चीमा’ को 110 ग्राम स्मैक के साथ पकड़ा गया था।

एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजुनाथ टीसी ने बताया कि मादक पदार्थों की तस्करी के मामलों में अब तक गिरफ्तार किए गए आरोपियों को चिह्नित कर उनका सत्यापन कराया जा रहा है। इसके लिए दो दिवसीय अभियान चलाया जा रहा है, जिसमें जिले की सभी पुलिस टीमें जुटी हुई हैं।

For latest news updates click here

News Update

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *