Haldwani: नैनीताल जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत काठगोदाम पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने एक नशा तस्कर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 10 ग्राम अवैध स्मैक बरामद की है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब तीन लाख रुपये बताई जा रही है।
मुख्यमंत्री के ‘मिशन ड्रग फ्री देवभूमि’ और ऑपरेशन प्रहार के तहत वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी ने जिले में नशे की तस्करी पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए सभी थाना प्रभारियों, एसओजी और एएनटीएफ को सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। इसी क्रम में एसपी नैनीताल डॉ. जगदीश चंद्र, एसपी हल्द्वानी हरबंस सिंह तथा संबंधित क्षेत्राधिकारियों के पर्यवेक्षण में काठगोदाम पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने क्षेत्र में चेकिंग अभियान चलाया।
24 नवंबर 2026 को कैनाल रोड काठगोदाम में संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग के दौरान पुलिस टीम ने भास्कर तिवारी उर्फ भानु (32 वर्ष), निवासी सेंट पॉल स्कूल के पीछे काठगोदाम को गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 10 ग्राम अवैध स्मैक बरामद हुई। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ कोतवाली काठगोदाम में मुकदमा संख्या 144/26 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/21 में प्राथमिकी दर्ज की है।
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह पहले ब्लिंकिट में डिलीवरी का काम करता था, लेकिन वर्तमान में उसके पास नौकरी नहीं थी। पैसों के लालच में वह बनभूलपुरा क्षेत्र के एक रेलवे फाटक से स्मैक खरीदकर लाया था। पुलिस आरोपी के आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटा रही है और नशे की खरीद-फरोख्त से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।
इस कार्रवाई में क्षेत्राधिकारी विमल प्रसाद, प्रभारी निरीक्षक जसवीर सिंह चौहान, उपनिरीक्षक दिलीप कुमार, कांस्टेबल भानू ओली, करतार, दिनेश राणा और महिला कांस्टेबल शीला कुंवर शामिल रहे।
For latest news updates click here

Chief Editor, Aaj Khabar
