Haridwar Kumbh 2027 Uttarakhand Government
Headlines

Haldwani: पूर्व सैनिक की जमीन के सीमांकन के नाम पर रिश्वत मांगने का आरोप, कानूनगो रमेश चंद्र निलंबित

Haldwani: पूर्व सैनिक की जमीन के सीमांकन के नाम पर रिश्वत मांगने का आरोप, कानूनगो रमेश चंद्र निलंबित
शेयर करे-

Haldwani: हल्द्वानी में पूर्व सैनिक की जमीन से जुड़े मामले में रिश्वत मांगने के आरोपों पर जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने बड़ी कार्रवाई की है। 9,700 रुपये और बाद में 50 हजार रुपये की कथित रिश्वत मांगने के आरोपों से घिरे राजस्व निरीक्षक (कानूनगो) रमेश चंद्र को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। एसडीएम की प्रारंभिक जांच रिपोर्ट में शिकायत के आरोपों की पुष्टि होने के बाद यह कार्रवाई की गई। साथ ही संबंधित कर्मचारी के खिलाफ विभागीय अनुशासनात्मक कार्रवाई की संस्तुति भी की गई है।

मामला हल्द्वानी के हिम्मतपुर तल्ला क्षेत्र का है। यहां पूर्व सैनिक तनोज तिवारी ने अपने प्लॉट पर अतिक्रमण किए जाने की शिकायत प्रशासन से की थी। शिकायतकर्ता के अनुसार, उनके प्लॉट की करीब 5.5 फीट चौड़ी और 80 फीट गहरी यानी लगभग 440 वर्ग फीट जमीन पर अतिक्रमण और दबाव बनाया गया था। जमीन का सीमांकन कराने के लिए उन्होंने राजस्व विभाग से कार्रवाई की मांग की थी।

बताया गया कि पूर्व सैनिक ने 14 नवंबर 2026 को शाम 4:29 बजे व्हाट्सएप के माध्यम से राजस्व निरीक्षक हल्द्वानी को शिकायत भेजी थी। इसके बाद 20 नवंबर को राजस्व निरीक्षक ने शिकायतकर्ता को कार्यालय बुलाया और विवादित जमीन का निरीक्षण किया।

शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि जमीन का निरीक्षण करने के एवज में उनसे पहले 9,700 रुपये की मांग की गई। इसके बाद दस्तावेज लेने और तत्काल कार्रवाई करने के नाम पर कथित तौर पर 50 हजार रुपये मांगे गए। शिकायतकर्ता का कहना है कि 20 नवंबर को सरकारी अवकाश होने के बावजूद उन्हें कार्यालय बुलाया गया था। पूरे घटनाक्रम की जानकारी उन्होंने प्रशासन को दी।

मामले की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी को जांच रिपोर्ट भेजी गई। जांच के दौरान शिकायतकर्ता स्वयं तहसीलदार हल्द्वानी के कार्यालय में उपस्थित हुए और अधिकारियों के सामने पूरे घटनाक्रम से जुड़े तथ्य रखे। इसके बाद तहसीलदार की ओर से संबंधित कानूनगो रमेश चंद्र का स्पष्टीकरण भी प्राप्त किया गया। प्रारंभिक जांच में शिकायत में लगाए गए आरोपों की पुष्टि होने के बाद जिलाधिकारी ने निलंबन के आदेश जारी कर दिए।

गौरतलब है कि रमेश चंद्र का नाम पूर्व में हरिद्वार नगर निगम की भूमि से जुड़े करोड़ों रुपये के कथित घोटाले की जांच में भी सामने आया था। उस मामले की जांच के दायरे में आने के बाद उनका तबादला हल्द्वानी किया गया था। अब रिश्वत मांगने के ताजा आरोपों में निलंबन की कार्रवाई के बाद राजस्व विभाग में हलचल मची हुई है।

जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल की ओर से जारी आदेश में उत्तराखंड कर्मचारी आचरण नियमावली, 2002 (यथा संशोधित) के तहत अनुशासनात्मक एवं विभागीय कार्रवाई की संस्तुति की गई है। साथ ही निष्पक्ष विभागीय जांच कराने के निर्देश दिए गए हैं। निलंबन अवधि के दौरान रमेश चंद्र को तहसील रामनगर से संबद्ध किया गया है।

For latest news updates click here

News Update

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *