Haridwar Kumbh 2027 Uttarakhand Government
Headlines

Haldwani: निर्मला कॉन्वेंट स्कूल के वार्षिकोत्सव ‘ऐक्य’ में सजी भारतीय संस्कृति की झलक, आयुक्त दीपक रावत ने बच्चों को दिया रचनात्मक शिक्षा का संदेश

Haldwani: निर्मला कॉन्वेंट स्कूल के वार्षिकोत्सव ‘ऐक्य’ में सजी भारतीय संस्कृति की झलक, आयुक्त दीपक रावत ने बच्चों को दिया रचनात्मक शिक्षा का संदेश
शेयर करे-

Haldwani: निर्मला कॉन्वेंट सीनियर सेकेंडरी स्कूल, काठगोदाम का वार्षिकोत्सव ‘ऐक्य’ धूमधाम और उत्साह के साथ मनाया गया। भारतीय संस्कृति की विविधता में एकता की थीम पर आधारित इस समारोह में विद्यार्थियों ने देश के अलग-अलग राज्यों की लोकसंस्कृति, परंपराओं और कलाओं को आकर्षक प्रस्तुतियों के माध्यम से मंच पर जीवंत कर दिया। पूर्व, पश्चिम, उत्तर और दक्षिण भारत की सांस्कृतिक झलकियों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध करने के साथ ही प्रेम, सद्भाव और राष्ट्रीय एकता का संदेश दिया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में कुमाऊँ आयुक्त दीपक रावत मौजूद रहे। वहीं उपकुलपति डॉ. सतपाल सिंह और डीआईजी, सीआरपीएफ किशोर प्रसाद विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुए। इसके अलावा जोगेंद्र रौतेला, फादर पायस (डीन ऑफ बरेली डायोसीज), फादर राजेश (प्रधानाचार्य, सेंट टेरेसा), विद्यालय की प्रबंधिका सिस्टर रिट्टी, प्रधानाचार्या सिस्टर स्मिता मैथ्यू और सिस्टर अनीशा सहित विभिन्न विद्यालयों के प्रधानाचार्य, प्राइवेट स्कूल एसोसिएशन के पदाधिकारी और नगर के गणमान्य लोग उपस्थित रहे। विद्यालय प्रबंधन की ओर से मुख्य अतिथि दीपक रावत को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया गया।

समारोह का शुभारंभ अतिथियों ने दीप प्रज्वलित कर किया। इसके बाद गणेश वंदना की प्रस्तुति हुई। विद्यार्थियों ने उत्तराखंड, गुजरात, राजस्थान, पंजाब और दक्षिण भारत की लोकसंस्कृति पर आधारित रंगारंग नृत्य एवं संगीत कार्यक्रम प्रस्तुत किए। पारंपरिक वेशभूषा, आकर्षक मंच सज्जा और शानदार सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से भारत की विविध परंपराओं का सुंदर संगम देखने को मिला।

बच्चों की प्रतिभा पहचानकर निखारना जरूरी : दीपक रावत

मुख्य अतिथि कुमाऊँ आयुक्त दीपक रावत ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि प्रत्येक बच्चे में अलग-अलग प्रतिभा और विशेषताएं होती हैं। जरूरत इस बात की है कि उनकी रुचि और क्षमता को पहचानकर सही मार्गदर्शन दिया जाए, ताकि वे अपनी प्रतिभा को निखार सकें। उन्होंने रचनात्मक शिक्षा पर जोर देते हुए कहा कि आज सूचनाओं की कोई कमी नहीं है, लेकिन सोशल मीडिया के बढ़ते प्रभाव के कारण बच्चों की एकाग्रता प्रभावित हो रही है।

उन्होंने कहा कि पहले बच्चे पुस्तकों के अध्ययन पर अधिक ध्यान देते थे, जबकि अब उनका ध्यान कई दूसरी गतिविधियों में बंट रहा है। ऐसे में बच्चों को अच्छी पुस्तकों के अध्ययन के साथ खेलकूद और रचनात्मक गतिविधियों से जोड़ना बेहद जरूरी है। उन्होंने अभिभावकों से भी अपील की कि वे बच्चों को मोबाइल और सोशल मीडिया का सीमित उपयोग करने दें तथा उनकी रुचि के अनुसार आगे बढ़ने के अवसर उपलब्ध कराएं।

दीपक रावत ने कहा कि बच्चे कच्चे हीरे की तरह होते हैं। उचित मार्गदर्शन, प्रोत्साहन और अवसर मिलने पर उनकी प्रतिभा को निखारकर उन्हें बेहतर भविष्य के लिए तैयार किया जा सकता है।

हल्द्वानी को स्वच्छ रखना हर नागरिक की जिम्मेदारी

मुख्य अतिथि ने शहर की स्वच्छता को लेकर भी नागरिकों से जिम्मेदारी निभाने की अपील की। उन्होंने कहा कि हल्द्वानी एक खूबसूरत शहर है, जहां पेयजल सहित कई मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध हैं, लेकिन स्वच्छता के प्रति अभी और जागरूकता लाने की जरूरत है। शहर को साफ रखना केवल नगर निगम की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि प्रत्येक नागरिक की भी इसमें अहम भूमिका है।

उन्होंने लोगों से कूड़ा इधर-उधर न फेंकने और कूड़ेदान का उपयोग करने की अपील करते हुए कहा कि हल्द्वानी को स्वच्छ और सुंदर बनाए रखना सभी का सामूहिक कर्तव्य है।

समारोह में मौजूद अतिथियों ने विद्यार्थियों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और प्रतिभा की सराहना करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजन बच्चों के सर्वांगीण विकास के साथ भारतीय संस्कृति, रचनात्मकता और राष्ट्रीय एकता के मूल्यों को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

कार्यक्रम के अंत में विद्यालय की प्रधानाचार्या सिस्टर स्मिता मैथ्यू ने सभी अतिथियों, अभिभावकों, शिक्षकों और विद्यालय प्रबंधन का आभार व्यक्त किया। भारतीय संस्कृति की विविधता, आपसी प्रेम और एकता का संदेश देता वार्षिकोत्सव ‘ऐक्य’ उत्साहपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ।

For latest news updates click here

News Update

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *