Haridwar Kumbh 2027 Uttarakhand Government
Headlines

Haldwani: कुमाऊं में अपराधियों पर पुलिस का बड़ा शिकंजा, 2,516 वारंटी गिरफ्तार और नशा तस्करी के 554 मुकदमों में 726 आरोपी पकड़े

Haldwani: कुमाऊं में अपराधियों पर पुलिस का बड़ा शिकंजा, 2,516 वारंटी गिरफ्तार और नशा तस्करी के 554 मुकदमों में 726 आरोपी पकड़े
शेयर करे-

Haldwani: कुमाऊं परिक्षेत्र में अपराधियों और नशा तस्करों के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। वर्ष 2026 में अब तक पुलिस ने छह जनपदों में 2,516 वारंटियों को गिरफ्तार किया है। वहीं, नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान चलाते हुए एनडीपीएस एक्ट के तहत 554 मुकदमे दर्ज कर 726 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने इस दौरान 34.61 करोड़ रुपये से अधिक कीमत के मादक पदार्थ बरामद किए हैं। शुक्रवार को पुलिस महानिरीक्षक कुमाऊं परिक्षेत्र श्रीमती निवेदिता कुकरेती ने हल्द्वानी स्थित कैंप कार्यालय में मासिक अपराध गोष्ठी लेकर इन कार्रवाइयों की समीक्षा की और अधिकारियों को अपराध नियंत्रण के लिए सख्त निर्देश दिए।

गोष्ठी में कुमाऊं परिक्षेत्र की कानून-व्यवस्था, लंबित मुकदमों, विवेचनाओं, साइबर अपराध, नशा तस्करी और पुलिस की कार्यप्रणाली की विस्तृत समीक्षा की गई। आईजी ने सभी जनपद प्रभारियों को अपराध नियंत्रण और आमजन की सुरक्षा के लिए पूरी सक्रियता, जवाबदेही और संवेदनशीलता के साथ काम करने के निर्देश दिए।

अपराधियों की गिरफ्तारी के अभियान के तहत वर्ष 2026 में अब तक ऊधमसिंह नगर में सर्वाधिक 1,583 वारंटियों को गिरफ्तार किया गया है। इसके अलावा नैनीताल में 537, पिथौरागढ़ में 206, चम्पावत में 89, अल्मोड़ा में 65 और बागेश्वर में 36 वारंटियों की गिरफ्तारी हुई है। आईजी ने फरार और वांछित अपराधियों की धरपकड़ के लिए अभियान लगातार जारी रखने के निर्देश दिए।

वहीं, मुख्यमंत्री के नशामुक्त उत्तराखंड के संकल्प को लेकर कुमाऊं पुलिस ने नशा तस्करों के खिलाफ भी व्यापक कार्रवाई की है। एनडीपीएस एक्ट के तहत दर्ज 554 मुकदमों में 726 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। इस दौरान पुलिस ने 67.59 किलोग्राम चरस, 9.652 किलोग्राम स्मैक, 1,239.747 किलोग्राम गांजा, 61,513 नशीली गोलियां और कैप्सूल, 2,455 नशीले इंजेक्शन, 71 नशीले सिरप तथा 0.232 किलोग्राम एमडीएमए बरामद किया है।

आईजी निवेदिता कुकरेती ने नशे के अवैध कारोबार में शामिल तस्करों के साथ उनके पूरे नेटवर्क पर कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने मादक पदार्थों की बरामदगी के साथ तस्करों की गतिविधियों पर निगरानी रखने और नशे के कारोबार से अर्जित संपत्ति के खिलाफ भी नियमानुसार कार्रवाई करने पर जोर दिया।

अपराध गोष्ठी में नवीन आपराधिक कानूनों और आईसीजेएस के प्रभावी क्रियान्वयन की भी समीक्षा की गई। अधिकारियों को निर्धारित समयसीमा में आरोप पत्र और अंतिम रिपोर्ट दाखिल करने, ई-साक्ष्य का अधिकाधिक इस्तेमाल करने तथा जीरो एफआईआर और ई-समन की प्रक्रिया को प्रभावी बनाने के निर्देश दिए गए। इसके साथ ही विभिन्न पुलिस एवं साइबर अपराध संबंधी पोर्टलों पर दर्ज मामलों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने को कहा गया।

साइबर अपराधों पर नियंत्रण को लेकर आईजी ने पीड़ितों को तत्काल राहत पहुंचाने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने साइबर ठगी की रकम को समय रहते फ्रीज कराने और पीड़ितों की धनराशि वापस दिलाने के लिए गंभीरता से प्रयास करने के निर्देश दिए।

आगामी विधानसभा निर्वाचन-2027 को देखते हुए सभी जनपद प्रभारियों को अभी से तैयारियां शुरू करने को कहा गया। इसके तहत मतदान केंद्रों का भौतिक निरीक्षण, संवेदनशील और अतिसंवेदनशील केंद्रों का चिन्हीकरण तथा सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। चुनाव को प्रभावित करने वाले असामाजिक तत्वों के खिलाफ निरोधात्मक कार्रवाई करने और शस्त्र लाइसेंस धारकों के शस्त्र समय से जमा कराने को भी कहा गया।

आगामी शीतकालीन मौसम और विवाह समारोहों के सीजन को देखते हुए पुलिस को अतिरिक्त सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए। चोरी और संपत्ति संबंधी अपराधों की रोकथाम के लिए रात्रि गश्त, पिकेट ड्यूटी और पुलिस पेट्रोलिंग प्रभावी बनाने को कहा गया। वहीं, विवाह समारोहों के दौरान यातायात व्यवस्था सुचारू रखने तथा डीजे और ध्वनि विस्तारक यंत्रों का संचालन न्यायालय के दिशा-निर्देशों के अनुरूप सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए गए।

इसके अलावा थानों में लंबे समय से लंबित वाहनों का नियमानुसार शीघ्र निस्तारण करने, विवेचनाओं में तेजी लाने और विभागीय मामलों का समयबद्ध निपटारा करने को कहा गया। आईजी ने स्पष्ट किया कि अपराध नियंत्रण, कानून-व्यवस्था और आमजन की सुरक्षा पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। किसी भी स्तर पर लापरवाही या अनावश्यक देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

बैठक में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ऊधमसिंह नगर अजय गणपति, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अल्मोड़ा चन्द्रशेखर घोडके, पुलिस अधीक्षक पिथौरागढ़ अक्षय प्रहलाद कोंडे, पुलिस अधीक्षक चम्पावत रेखा यादव सहित परिक्षेत्रीय कार्यालय के अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

For latest news updates click here

News Update

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *