Haridwar Kumbh 2027 Uttarakhand Government
Headlines

Bageshwar: बागेश्वर में कांग्रेस के मंच पर ‘गेंदे की माला’ को लेकर हरीश रावत और यशपाल आर्य में दिलचस्प खींचतान, माथे पर हाथ रखकर मुस्कुराती रहीं कुमारी सैलजा

Bageshwar: बागेश्वर में कांग्रेस के मंच पर ‘गेंदे की माला’ को लेकर हरीश रावत और यशपाल आर्य में दिलचस्प खींचतान, माथे पर हाथ रखकर मुस्कुराती रहीं कुमारी सैलजा
शेयर करे-

Bageshwar: उत्तराखंड की राजनीति में कब क्या देखने को मिल जाए, इसका अंदाजा लगाना आसान नहीं है। शुक्रवार को बागेश्वर में कांग्रेस के एक कार्यक्रम के दौरान मंच पर कुछ ऐसा हुआ, जिसने राजनीतिक गलियारों में चर्चाओं को गर्म कर दिया। मौका था कांग्रेस की प्रदेश प्रभारी कुमारी सैलजा के बागेश्वर दौरे का, लेकिन कार्यक्रम की सबसे ज्यादा चर्चा पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत और नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य के बीच गेंदे की माला पहनाने को लेकर हुई दिलचस्प खींचतान ने बटोर ली।

दरअसल, कार्यक्रम के दौरान मंच पर हरीश रावत हाथ में गेंदे की माला लेकर नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य को पहनाने के लिए आगे बढ़े। लेकिन यशपाल आर्य ने उन्हें रोकते हुए माला अपने हाथ में ले ली और हरीश रावत को माला पहनाने की कोशिश करने लगे। इस पर हरीश रावत ने भी हाथ के इशारे से मना करते हुए पहले यशपाल आर्य को माला पहनाने पर जोर दिया। देखते ही देखते दोनों वरिष्ठ नेताओं के बीच एक-दूसरे को पहले माला पहनाने को लेकर कुछ सेकंड तक दिलचस्प नोकझोंक चलती रही।

आखिरकार यशपाल आर्य ने आगे बढ़कर हरीश रावत के गले में माला डाल दी। इसके बाद हरीश रावत ने दूसरी माला उठाकर यशपाल आर्य को पहनाने की कोशिश की, लेकिन वह इसके लिए तैयार नहीं हुए। काफी कोशिशों के बावजूद हरीश रावत उन्हें माला नहीं पहना पाए और अंत में हाथ जोड़कर रह गए। मंच पर मौजूद इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो अब चर्चा का विषय बना हुआ है।

इस दौरान दोनों नेताओं के ठीक पास बैठीं कांग्रेस प्रदेश प्रभारी कुमारी सैलजा की प्रतिक्रिया ने भी लोगों का ध्यान खींचा। वीडियो में हरीश रावत और यशपाल आर्य को माला पहनाने के लिए एक-दूसरे पर जोर देते देख सैलजा अपने माथे पर हाथ रखकर जोर-जोर से मुस्कुराती नजर आईं। मंच पर मौजूद नेताओं के बीच हुए इस दिलचस्प घटनाक्रम और सैलजा की प्रतिक्रिया ने कार्यक्रम के माहौल को और भी खास बना दिया।

गौरतलब है कि कुमारी सैलजा 17 से 22 नवंबर तक छह दिवसीय उत्तराखंड दौरे पर हैं। इस दौरान वह कुमाऊं और गढ़वाल मंडल के विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में पहुंचकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ बैठकें कर रही हैं। इन बैठकों का उद्देश्य संगठन को मजबूत करना, कार्यकर्ताओं से सीधा संवाद स्थापित करना और वर्ष 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव की तैयारियों की समीक्षा करना है।

विधानसभा चुनाव 2027 को देखते हुए कांग्रेस संगठन को मजबूत करने में जुटी है। ऐसे समय में बागेश्वर के मंच पर दो वरिष्ठ नेताओं के बीच माला पहनाने को लेकर हुई यह दिलचस्प खींचतान राजनीतिक चर्चा का विषय बन गई है। हालांकि, इस घटनाक्रम से दोनों नेताओं के बीच किसी राजनीतिक विवाद या मतभेद की पुष्टि नहीं होती, लेकिन हरीश रावत, यशपाल आर्य और कुमारी सैलजा से जुड़ा यह वीडियो सोशल मीडिया और सियासी गलियारों में खूब सुर्खियां बटोर रहा है।

For latest news updates click here

News Update

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *