Haridwar Kumbh 2027 Uttarakhand Government
Headlines

Mukteshwar: मंत्री कैड़ा ने अल्टीमेट उत्तराखंड हिमालयन MTB चैलेंज-2026 को दिखाई हरी झंडी, 658 किलोमीटर की रोमांचक साइकिल रेस शुरू

Mukteshwar: मंत्री कैड़ा ने अल्टीमेट उत्तराखंड हिमालयन MTB चैलेंज-2026 को दिखाई हरी झंडी, 658 किलोमीटर की रोमांचक साइकिल रेस शुरू
शेयर करे-

॰ मुक्तेश्वर से 10 जिलों के सफर पर निकले साइकिलिस्ट, 26 नवंबर को मसूरी में होगा समापन

Mukteshwar: उत्तराखंड में साहसिक पर्यटन को बढ़ावा देने और प्रदेश की प्राकृतिक सुंदरता एवं सांस्कृतिक विरासत को राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने के उद्देश्य से शुक्रवार को अल्टीमेट उत्तराखंड हिमालयन MTB चैलेंज-2026 का भव्य शुभारंभ हुआ। कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा ने मुक्तेश्वर से साइकिल रेस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान उन्होंने आयोजन को प्रदेश के लिए गौरव का विषय बताते हुए कहा कि ऐसे साहसिक खेल उत्तराखंड की पर्यटन संभावनाओं को नई पहचान दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा ने कहा कि इस तरह के अंतरराष्ट्रीय स्तर के साहसिक खेल आयोजनों का उत्तराखंड में होना प्रदेश के लिए गर्व की बात है। विशेष रूप से मुक्तेश्वर से इस आयोजन की शुरुआत होना महत्वपूर्ण है, क्योंकि इससे कुमाऊं क्षेत्र की प्राकृतिक सुंदरता और पर्यटन स्थलों को व्यापक स्तर पर पहचान मिलेगी। उन्होंने आयोजन को आगे बढ़ाने में शासन स्तर पर सचिव धीराज सिंह गर्ब्याल की भूमिका की भी सराहना की।

उन्होंने कहा कि धीराज सिंह गर्ब्याल ने पूर्व में जिलाधिकारी रहते हुए कुमाऊं की संस्कृति, परंपराओं और पर्यटन को प्रोत्साहित करने के लिए कई महत्वपूर्ण कार्य किए। कैबिनेट मंत्री ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री प्रदेश के पर्वतीय और मैदानी क्षेत्रों को एक गुलदस्ते के रूप में जोड़कर समग्र विकास की दिशा में कार्य कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि अल्टीमेट उत्तराखंड हिमालयन MTB चैलेंज जैसे आयोजन प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों को आपस में जोड़ने के साथ ही यहां की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, प्राकृतिक सौंदर्य और साहसिक पर्यटन की संभावनाओं को देश-दुनिया के सामने प्रस्तुत करने का अवसर प्रदान करते हैं।

उल्लेखनीय है कि अल्टीमेट उत्तराखंड हिमालयन MTB चैलेंज-2026 की शुरुआत 20 नवंबर को मुक्तेश्वर से हुई है। इस रोमांचक साइकिल रेस में प्रतिभागी उत्तराखंड के 10 जनपदों से गुजरते हुए लगभग 658 किलोमीटर की दूरी तय करेंगे। प्रतियोगिता का समापन 26 नवंबर को मसूरी में होगा। इस दौरान प्रदेश के विभिन्न पर्वतीय क्षेत्रों की प्राकृतिक सुंदरता और पर्यटन स्थलों को भी व्यापक प्रचार-प्रसार मिलेगा।

कार्यक्रम में सचिव पर्यटन धीराज सिंह गर्ब्याल, प्रबंध निदेशक केएमवीएन विनीत तोमर, मुख्य विकास अधिकारी अरविंद कुमार पाण्डेय, प्रबंधक केएमवीएन मनीष सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रताप बिष्ट, दर्जा राज्यमंत्री देवेंद्र ढेला, पर्यटन विकास परिषद सलाहकार समिति के सदस्य नितिन राणा, जिला पर्यटन विकास अधिकारी कीर्ति आर्य सहित एफसीआई के पदाधिकारी एवं अन्य लोग मौजूद रहे।

For latest news updates click here

News Update

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *