Haldwani: भारत की पूर्व प्रधानमंत्री एवं भारत रत्न स्वर्गीय इंदिरा गांधी की 109वीं जयंती पर हल्द्वानी के स्वराज आश्रम में महानगर जिला कांग्रेस कमेटी के तत्वावधान में श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने इंदिरा गांधी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी और राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान को याद किया।
कार्यक्रम में महानगर कांग्रेस अध्यक्ष एडवोकेट गोविंद सिंह बिष्ट ने कहा कि इंदिरा गांधी का संपूर्ण जीवन साहस, संघर्ष, दृढ़ इच्छाशक्ति और राष्ट्रसेवा का प्रतीक रहा है। उन्होंने अपने मजबूत नेतृत्व और दूरदर्शी फैसलों से भारत को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर एक अलग पहचान दिलाई। देश की एकता और अखंडता की रक्षा के लिए उनका समर्पण और सर्वोच्च बलिदान हमेशा याद किया जाएगा। उनका साहसिक व्यक्तित्व और विचार आने वाली पीढ़ियों को सदैव प्रेरित करते रहेंगे।
वहीं, जिलाध्यक्ष राहुल छिमवाल ने कहा कि इंदिरा गांधी ने अपने कार्यकाल में कई ऐतिहासिक निर्णय लेकर देश के विकास, आत्मनिर्भरता और सामाजिक न्याय को नई दिशा दी। उन्होंने हमेशा देश की एकता, अखंडता और संप्रभुता को सर्वोपरि रखा। राष्ट्र के प्रति उनका योगदान इतिहास में स्वर्ण अक्षरों में दर्ज रहेगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का प्रत्येक कार्यकर्ता इंदिरा गांधी के आदर्शों और विचारों को आगे बढ़ाने के लिए संकल्पबद्ध है।
इस अवसर पर उपस्थित कांग्रेसजनों ने इंदिरा गांधी के जीवन, संघर्ष और विचारों को याद करते हुए उनके बताए मार्ग पर चलने तथा जनहित और राष्ट्रसेवा के लिए निरंतर कार्य करने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में हरिश मेहता, हेमंत बगड़वाल, शोभा बिष्ट, मधु सांगुड़ी, मलय बिष्ट, हाजी सुहेल सिद्दीकी, सुरेंद्र बिष्ट, पार्षद नीमा भट्ट, मंजू पांडे, गोविंद बगड़वाल, जाकिर हुसैन, पार्षद एडवोकेट धर्मवीर, कौशलेंद्र भट्ट, शंकर कोहली, प्रदीप बिष्ट और अत्तर सिंह सहित अनेक कांग्रेसजन मौजूद रहे।
For latest news updates click here

Chief Editor, Aaj Khabar
