Haldwani: शहर की सफाई व्यवस्था को दुरुस्त करने और सफाई कर्मचारियों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने के लिए नगर निगम हल्द्वानी-काठगोदाम ने सख्ती शुरू कर दी है। गुरुवार सुबह नगर आयुक्त आशिमा गोयल के नेतृत्व में नगर निगम की पांच अलग-अलग टीमों ने शहर के विभिन्न वार्डों में औचक निरीक्षण किया। इस दौरान कई सफाई कर्मचारी और सफाई नायक अपने निर्धारित कार्यस्थलों से अनुपस्थित पाए गए। इस पर नगर आयुक्त ने कड़ी नाराजगी जताते हुए संबंधित अधिकारियों को अनुपस्थित कर्मचारियों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण अभियान के तहत नगर आयुक्त आशिमा गोयल ने स्वयं वार्ड संख्या 3, 4 और 6 का जायजा लिया। वहीं, नगर निगम के अन्य अधिकारियों की चार टीमों ने वार्ड संख्या 11, 17, 18, 25, 26, 27, 34, 36, 37, 57, 58 और 60 में सफाई व्यवस्था और कर्मचारियों की उपस्थिति की जांच की।
निरीक्षण के दौरान कई वार्डों में सफाई कर्मचारी और सफाई नायक निर्धारित स्थानों पर मौजूद नहीं मिले। इस पर नगर आयुक्त ने नाराजगी व्यक्त करते हुए स्पष्ट किया कि सभी सफाई कर्मचारियों और सफाई नायकों को निर्धारित समय पर अपने कार्यस्थल पर पहुंचना होगा और पूरी कार्यावधि में अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करना होगा। साथ ही सभी कर्मचारियों की समयबद्ध उपस्थिति दर्ज करना भी अनिवार्य किया गया है।
नगर आयुक्त आशिमा गोयल ने कहा कि शहर की सफाई व्यवस्था नगर निगम की कार्यप्रणाली का आईना होती है। स्वच्छ और व्यवस्थित शहर न केवल नगर निगम की कार्यशैली को दर्शाता है, बल्कि नागरिकों के जीवन स्तर और शहर की छवि से भी सीधे जुड़ा होता है। ऐसे में सफाई व्यवस्था में किसी भी तरह की लापरवाही और अनुशासनहीनता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
उन्होंने स्पष्ट किया कि शहर की सफाई व्यवस्था में सुधार और कर्मचारियों की जवाबदेही तय करने के लिए आगे भी लगातार औचक निरीक्षण किए जाएंगे। अनुपस्थित पाए जाने वाले कर्मचारियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
For latest news updates click here

Chief Editor, Aaj Khabar
