॰ मंच पर सम्मान न मिलने से नाराज कांग्रेस नेता मुन्ना ढेक ने दी चेतावनी, कहा- 2027 में खुशाल सिंह को टिकट मिला तो लड़ूंगा निर्दलीय चुनाव; प्रदेश प्रभारी ने जताई नाराजगी
Khatima: उत्तराखंड में वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस के भीतर टिकट को लेकर खींचतान तेज होती दिखाई दे रही है। चंपावत जिले के लोहाघाट में पार्टी की एकजुटता का संदेश देने पहुंचीं प्रदेश प्रभारी एवं सांसद कुमारी सैलजा की मौजूदगी में ही कांग्रेस की अंदरूनी गुटबाजी खुलकर सामने आ गई। विशाल जनसभा के समापन के बाद कांग्रेस नेता मुन्ना ढेक और लोहाघाट विधायक खुशाल सिंह अधिकारी के बीच तीखी बहस और झड़प हो गई। विवाद इतना बढ़ा कि दोनों नेताओं के समर्थक भी आमने-सामने आ गए।
दरअसल, बुधवार को लोहाघाट के रामलीला मैदान में कांग्रेस की ओर से विशाल जनसभा आयोजित की गई थी। कार्यक्रम में उत्तराखंड कांग्रेस प्रभारी एवं सांसद कुमारी सैलजा के साथ नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, वरिष्ठ नेता प्रीतम सिंह, विधायक भुवन कापड़ी सहित पार्टी के कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। इस जनसभा के माध्यम से कांग्रेस आगामी विधानसभा चुनाव से पहले कार्यकर्ताओं को एकजुट करने और संगठन को मजबूत करने का संदेश देना चाहती थी, लेकिन कार्यक्रम समाप्त होते ही पार्टी के भीतर चल रही खींचतान सार्वजनिक हो गई।
बताया जा रहा है कि कांग्रेस नेता मुन्ना ढेक और उनके समर्थक मंच पर उचित सम्मान नहीं मिलने तथा अपनी बात रखने का अवसर नहीं दिए जाने से नाराज थे। मुन्ना ढेक का आरोप था कि उन्होंने जनसभा को सफल बनाने के लिए बड़ी संख्या में लोगों को जुटाया, लेकिन इसके बावजूद उन्हें मंच से संबोधित करने का मौका तक नहीं दिया गया। इसी नाराजगी को लेकर कार्यक्रम के बाद उनकी विधायक खुशाल सिंह अधिकारी से तीखी बहस हो गई। देखते ही देखते मामला झड़प तक पहुंच गया और दोनों पक्षों के समर्थक भी आमने-सामने आ गए। हंगामे के बीच विधायक को किसी तरह वहां से निकलना पड़ा।
विवाद के दौरान कुछ महिलाओं ने विधायक पर धक्का-मुक्की करने के आरोप भी लगाए। वहीं, मुन्ना ढेक ने आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर अपनी नाराजगी खुलकर जाहिर कर दी। उन्होंने दो टूक कहा कि यदि कांग्रेस ने वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में खुशाल सिंह अधिकारी को दोबारा टिकट दिया तो वह निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में चुनाव मैदान में उतरेंगे। उनके समर्थकों ने भी अपने नेता के सम्मान को लेकर खुलकर नाराजगी जताई।
इस पूरे घटनाक्रम पर कांग्रेस प्रदेश प्रभारी कुमारी सैलजा ने कार्यकर्ताओं के सार्वजनिक व्यवहार को अनुचित बताया। उन्होंने कहा कि यदि किसी कार्यकर्ता को कोई शिकायत या नाराजगी थी तो वह उनसे व्यक्तिगत रूप से मिलकर अथवा पार्टी के मंच पर अपनी बात रख सकता था। इस तरह सार्वजनिक रूप से विवाद करना उचित नहीं है।
लोहाघाट में सामने आई इस घटना ने उत्तराखंड कांग्रेस की अंदरूनी सियासत को एक बार फिर चर्चा में ला दिया है। विधानसभा चुनाव में अभी समय है, लेकिन टिकट को लेकर शुरू हुई बयानबाजी और नेताओं के बीच बढ़ती तल्खी ने पार्टी के सामने संगठनात्मक एकजुटता बनाए रखने की चुनौती खड़ी कर दी है।
For latest news updates click here

Chief Editor, Aaj Khabar
