Khatima: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को अपने निजी आवास खटीमा से सभी जिलाधिकारियों के साथ वर्चुअल बैठक कर सरकारी भूमि से अतिक्रमण हटाने के अभियान में तेजी लाने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट कहा कि भू कानून का उल्लंघन कर खरीदी गई जमीनों की जांच कर दोषी पाए जाने पर संबंधित भूमि को राज्य सरकार में निहित किया जाए।
मुख्यमंत्री ने ग्राम सभाओं की सरकारी भूमि की भी गहन जांच कराने के निर्देश देते हुए कहा कि अभियान को तेजी और प्रभावी तरीके से चलाया जाए। उन्होंने राज्य में स्थित शत्रु संपत्तियों पर हुए अवैध कब्जों को हटाने और वक्फ संपत्तियों का पूरा ब्यौरा उम्मीद पोर्टल पर दर्ज कर उसकी नियमित समीक्षा करने को कहा।
बैठक में मुख्यमंत्री ने अन्य राज्यों से आए लोगों के शस्त्र लाइसेंसों की जांच करने, आपराधिक पृष्ठभूमि वाले व्यक्तियों को चिन्हित करने और जनसेवा केंद्रों की जांच तेज करने के निर्देश भी दिए। साथ ही अवैध राशन कार्ड बनाकर सरकारी सुविधाओं का लाभ लेने वाले अपात्र लोगों की पहचान करने और वेरिफिकेशन ड्राइव को और प्रभावी बनाने पर जोर दिया।
मानसून की तैयारियों को लेकर मुख्यमंत्री ने सभी जिलों को समय रहते आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत, पेयजल व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने और तकनीकी समस्याओं का त्वरित समाधान करने को कहा। मुख्यमंत्री ने ऊर्जा विभाग को निर्देशित किया कि प्रदेश में अनावश्यक बिजली कटौती न हो और यदि कटौती आवश्यक हो तो उसकी पूर्व सूचना आम जनता तक समय से पहुंचाई जाए।
चारधाम यात्रा की व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को यात्रा मार्गों पर श्रद्धालुओं से लगातार फीडबैक लेने और शिकायतों के आधार पर व्यवस्थाओं में सुधार करने के निर्देश दिए। उन्होंने यात्रा मार्गों पर पेयजल उपलब्धता और ट्रैफिक प्रबंधन को प्रभावी बनाने पर भी जोर दिया। साथ ही मानसखंड यात्रा के तहत कैंची धाम बाईपास निर्माण कार्य को अगले माह तक हर हाल में पूरा करने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने कृषि एवं उद्यान विभाग को निर्देशित किया कि पॉली हाउस, एप्पल मिशन और कीवी मिशन जैसी योजनाओं को केवल कागजों तक सीमित न रखा जाए, बल्कि वास्तविक लाभ किसानों तक पहुंचाया जाए। इसके अलावा आपदा प्रभावित क्षेत्रों में पुनर्निर्माण कार्यों में तेजी लाने और ज्योतिर्मठ में चल रहे कार्यों की प्रगति की भी समीक्षा की गई।

Chief Editor, Aaj Khabar
