Headlines

Haldwani: हल्द्वानी जनसुनवाई में सीएम धामी का सख्त संदेश, पेयजल-सड़क और बिजली समस्याओं के तत्काल समाधान के दिए निर्देश

Haldwani: हल्द्वानी जनसुनवाई में सीएम धामी का सख्त संदेश, पेयजल-सड़क और बिजली समस्याओं के तत्काल समाधान के दिए निर्देश
शेयर करे-

Haldwani: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को हल्द्वानी-काठगोदाम स्थित सर्किट हाउस में आयोजित जनसुनवाई कार्यक्रम में आम जनता और जनप्रतिनिधियों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को मौके पर ही समस्याओं के त्वरित और संतोषजनक समाधान के निर्देश देते हुए कहा कि जनता को राहत पहुंचाना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

जनसुनवाई में पेयजल संकट, ग्रामीण सड़कों की बदहाल स्थिति, बिजली आपूर्ति और सिंचाई से जुड़ी समस्याएं प्रमुख रूप से सामने आईं। मुख्यमंत्री ने पेयजल निगम को गर्मी के मौसम को देखते हुए जरूरत के अनुसार टैंकरों की व्यवस्था करने और खराब नलकूपों व हैंडपंपों को शीघ्र ठीक कराने के निर्देश दिए। वहीं लोक निर्माण विभाग को क्षतिग्रस्त संपर्क मार्गों को प्राथमिकता के आधार पर गड्ढामुक्त करने और विद्युत विभाग को तय रोस्टर के अनुसार निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने को कहा।

मुख्यमंत्री ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि जनहित से जुड़े कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को संवेदनशीलता के साथ जनता की समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री रामसिंह कैड़ा, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रताप बिष्ट, जिला पंचायत अध्यक्ष दीपा दरमवाल, विधायक सरिता आर्या, दायित्वधारी अनिल कपूर डब्बू, दिनेश आर्या, ध्रुव रौतेला, भावना मेहरा, दीपक मेहरा, आयोग सदस्य जेड. ए. वारसी, जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टीसी, मुख्य विकास अधिकारी अरविंद कुमार पाण्डेय सहित अन्य अधिकारी और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *