Headlines

Haldwani: हल्द्वानी में बनेगा कुमाऊं का पहला अत्याधुनिक मीडिया सेंटर, सीएम धामी ने 6.75 करोड़ की परियोजना का किया शिलान्यास

Haldwani: हल्द्वानी में बनेगा कुमाऊं का पहला अत्याधुनिक मीडिया सेंटर, सीएम धामी ने 6.75 करोड़ की परियोजना का किया शिलान्यास
शेयर करे-

Haldwani: उत्तराखंड में मीडिया इंफ्रास्ट्रक्चर को नई दिशा देते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को हल्द्वानी में कुमाऊं मीडिया सेंटर भवन का शिलान्यास किया। करीब 6 करोड़ 75 लाख 88 हजार रुपये की लागत से बनने वाला यह अत्याधुनिक मीडिया सेंटर कुमाऊं मंडल के पत्रकारों के लिए आधुनिक सुविधाओं से युक्त समर्पित केंद्र के रूप में विकसित किया जाएगा।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि यह केवल एक भवन नहीं बल्कि लोकतंत्र के चौथे स्तंभ पत्रकारिता को समर्पित एक सशक्त मंच होगा। उन्होंने कहा कि अब तक कुमाऊं के पत्रकारों को कई कार्यों के लिए देहरादून पर निर्भर रहना पड़ता था, लेकिन मीडिया सेंटर बनने के बाद अधिकांश कार्य हल्द्वानी से ही संचालित किए जा सकेंगे।

मुख्यमंत्री ने बताया कि मीडिया सेंटर में आधुनिक प्रेस कॉन्फ्रेंस हॉल, हाई-स्पीड इंटरनेट सुविधा, डिजिटल स्टूडियो, समृद्ध लाइब्रेरी, कैंटीन और अन्य आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। साथ ही दूरस्थ क्षेत्रों से आने वाले पत्रकारों के लिए गेस्ट रूम की भी व्यवस्था होगी, जिससे उन्हें आवागमन में सुविधा मिलेगी।

उन्होंने घोषणा की कि समाचार पत्रों से जुड़े निरीक्षण कार्य भी अब इसी सेंटर से किए जाएंगे, जिससे कार्यप्रणाली में पारदर्शिता और तेजी आएगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार पत्रकारों के कल्याण के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। पत्रकार कल्याण कोष को बढ़ाकर 5 करोड़ रुपये किया गया है और अधिस्वीकृत पत्रकारों व उनके आश्रितों को 5 लाख रुपये तक की कैशलेस स्वास्थ्य बीमा सुविधा दी जा रही है। इसके अलावा 60 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठ पत्रकारों को 10 हजार रुपये मासिक पेंशन भी प्रदान की जा रही है।

मुख्यमंत्री धामी ने विश्वास जताया कि यह मीडिया सेंटर हल्द्वानी को कुमाऊं का प्रमुख मीडिया हब बनाएगा और यहां से संचालित पत्रकारिता क्षेत्रीय ही नहीं बल्कि राष्ट्रीय स्तर पर भी प्रभावी भूमिका निभाएगी। उन्होंने पत्रकारों से सकारात्मक पत्रकारिता को बढ़ावा देने और विकास कार्यों को जनता तक पहुंचाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में सांसद अजय भट्ट, कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा, विधायक सरिता आर्या, मीडिया सलाहकार समिति अध्यक्ष गोविंद सिंह, मेयर गजराज सिंह समेत कई जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी और बड़ी संख्या में पत्रकार मौजूद रहे।

Haldwani

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *