Headlines

Haldwani: खनन वाहनों को न रोकने की कीमत 45 हजार, विजिलेंस ने बेतालघाट थाने के कांस्टेबल को रिश्वत लेते दबोचा

Haldwani: खनन वाहनों को न रोकने की कीमत 45 हजार, विजिलेंस ने बेतालघाट थाने के कांस्टेबल को रिश्वत लेते दबोचा
शेयर करे-

Haldwani: सतर्कता अधिष्ठान (विजिलेंस) की ट्रैप टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए नैनीताल जिले में तैनात एक पुलिस कांस्टेबल को 45 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी पर खनन सामग्री से भरे वाहनों को अनावश्यक रूप से रोककर चालान और सीज करने की धमकी देने तथा बदले में रिश्वत मांगने का आरोप है।

जानकारी के अनुसार शिकायतकर्ता ने सतर्कता अधिष्ठान के टोल फ्री नंबर पर शिकायत दर्ज कराई थी कि वह सरकारी खनन पट्टे से आरबीएम (रिवर बेड मैटेरियल) का कार्य करता है और सामग्री को स्टोन क्रेशरों तक पहुंचाने के लिए वाहनों का संचालन करता है। शिकायत में आरोप लगाया गया कि थाना बेतालघाट में तैनात कांस्टेबल दीपक सिंह द्वारा वाहनों को लगातार रोका जा रहा था और कार्रवाई की धमकी देकर अवैध धन की मांग की जा रही थी।

शिकायतकर्ता के अनुसार कांस्टेबल ने वाहनों के निर्बाध संचालन की अनुमति देने के एवज में 45 हजार रुपये की रिश्वत मांगी थी। शिकायत मिलने के बाद सतर्कता अधिष्ठान ने प्रारंभिक जांच की, जिसमें आरोप प्रथम दृष्टया सही पाए गए। इसके बाद थाना सतर्कता सेक्टर हल्द्वानी में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया।

पुलिस अधीक्षक सतर्कता सेक्टर हल्द्वानी के निर्देशन में गठित ट्रैप टीम ने योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई करते हुए आरोपी कांस्टेबल को शिकायतकर्ता से 45 हजार रुपये लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान दीपक सिंह पुत्र खुशाल सिंह निवासी बिलहरी, चकरपुर, थाना कोतवाली खटीमा, जनपद ऊधमसिंहनगर के रूप में हुई है। वह वर्तमान में थाना बेतालघाट, जनपद नैनीताल में तैनात था।

विजिलेंस की इस कार्रवाई के बाद पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया है। मामले में आगे की जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *