Headlines

Haldwani: हल्द्वानी में सीएम धामी का सोशल मीडिया मंथन, युवाओं को दिया जिम्मेदार डिजिटल भारत का संदेश

Haldwani: हल्द्वानी में सीएम धामी का सोशल मीडिया मंथन, युवाओं को दिया जिम्मेदार डिजिटल भारत का संदेश
शेयर करे-

Haldwani:  मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हल्द्वानी में आयोजित “सोशल मीडिया मंथन विथ सीएम धामी” कार्यक्रम में सोशल मीडिया इंफ्लूएंसर्स, कंटेंट क्रिएटर्स, डिजिटल वॉलेंटियर्स और युवाओं के साथ संवाद किया। इस दौरान उन्होंने सोशल मीडिया को राष्ट्र निर्माण, सकारात्मक बदलाव और उत्तराखंड की संस्कृति को वैश्विक स्तर पर पहुंचाने का सशक्त माध्यम बताया।

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में मौजूद युवाओं ने रोजगार, उत्तराखंड के विकास, संस्कृति, राष्ट्रवाद और डिजिटल प्लेटफॉर्म की भूमिका जैसे विषयों पर मुख्यमंत्री से सवाल पूछे। मुख्यमंत्री ने युवाओं के सवालों का बेबाकी और आत्मीयता के साथ जवाब दिया।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि आज सोशल मीडिया केवल मनोरंजन तक सीमित नहीं है, बल्कि यह समाज को जागरूक करने और सकारात्मक परिवर्तन लाने का प्रभावशाली मंच बन चुका है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड के युवाओं में अपार प्रतिभा है और वे डिजिटल माध्यमों से राज्य की सकारात्मक पहचान दुनिया तक पहुंचा सकते हैं।

उन्होंने युवाओं से सोशल मीडिया का जिम्मेदारीपूर्वक उपयोग करने की अपील करते हुए कहा कि फेक नैरेटिव, भ्रामक सूचनाओं और समाज को बांटने वाली ताकतों से सतर्क रहने की आवश्यकता है। तथ्यपरक और समाजहित से जुड़ी जानकारी साझा करना आज हर युवा की जिम्मेदारी है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी सोशल मीडिया को जनसंवाद का सशक्त माध्यम बनाया है और युवाओं को राष्ट्र निर्माण में भागीदारी के लिए प्रेरित किया है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार युवाओं के लिए रोजगार, स्वरोजगार, स्टार्टअप, नवाचार, खेल, संस्कृति और पर्यटन के क्षेत्र में लगातार काम कर रही है।

उन्होंने नकल विरोधी कानून, समान नागरिक संहिता, धर्मांतरण विरोधी कानून और सख्त भू-कानून जैसे फैसलों का उल्लेख करते हुए कहा कि सरकार युवाओं और प्रदेश के भविष्य को सुरक्षित करने के लिए प्रतिबद्ध है। देवभूमि की संस्कृति और परंपराओं को संरक्षित रखते हुए विकास के नए आयाम स्थापित किए जा रहे हैं।

कार्यक्रम में सोशल मीडिया इंफ्लूएंसर्स और कंटेंट क्रिएटर्स ने भी अपने सुझाव साझा किए। मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड के युवा प्रदेश के डिजिटल ब्रांड एम्बेसडर बनकर राज्य की सकारात्मक छवि दुनिया के सामने प्रस्तुत करें।

कार्यक्रम में सांसद अजय भट्ट, कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा, राम सिंह कैड़ा, विधायक सरिता आर्या, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रताप सिंह बिष्ट, शंकर कोरंगा, महापौर गजराज सिंह बिष्ट और गोविंद सिंह समेत कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *