Headlines

Khatima: सितारगंज की रनसाली वन रेंज में अवैध खनन रोकने गई टीम पर हमला, ट्रैक्टर से कुचलने का प्रयास और वनकर्मियों की पिटाई

Khatima: सितारगंज की रनसाली वन रेंज में अवैध खनन रोकने गई टीम पर हमला, ट्रैक्टर से कुचलने का प्रयास और वनकर्मियों की पिटाई
शेयर करे-

Khatima: प्रदेश में अवैध खनन माफियाओं के हौसले किस कदर बुलंद हैं, इसका ताजा उदाहरण जनपद ऊधम सिंह नगर के सितारगंज क्षेत्र से सामने आया है। रनसाली वन रेंज में अवैध खनन रोकने पहुंची वन विभाग की टीम पर खनन माफियाओं ने जानलेवा हमला कर दिया। आरोप है कि माफियाओं ने वन दारोगा को ट्रैक्टर से कुचलने का प्रयास किया और विरोध करने पर टीम के साथ मारपीट कर दी। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

जानकारी के अनुसार वन दारोगा नंद किशोर पांडे, वन आरक्षी शक्ति सिंह और वन बीट अधिकारी भूपेंद्र कुमार आरक्षित वन क्षेत्र में गश्त पर थे। गश्त के दौरान टीम कैलाश नदी किनारे पहुंची, जहां आरक्षित वन क्षेत्र से तीन ट्रैक्टर-ट्रॉली में अवैध उपखनिज भरा जा रहा था। वन दारोगा द्वारा संबंधित व्यक्तियों से खनन के कागजात दिखाने को कहा गया, लेकिन वे वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके।

इस दौरान आरोपित जबरन उपखनिज से भरे ट्रैक्टर-ट्रॉली लेकर जाने लगे। वनकर्मियों ने जब उन्हें रोकने का प्रयास किया तो साधुनगर निवासी राजकुमार समेत अन्य लोगों ने वन दारोगा और टीम के साथ अभद्रता, गाली-गलौज और मारपीट शुरू कर दी। आरोप है कि वन दारोगा को ट्रैक्टर से कुचलने का प्रयास भी किया गया। घटना के दौरान वनकर्मियों ने पूरे घटनाक्रम का वीडियो बना लिया।

वन दारोगा की तहरीर के आधार पर सितारगंज पुलिस ने राजकुमार समेत तीन आरोपितों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि मामले में साक्ष्यों के आधार पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

गौरतलब है कि यह पूरी घटना सितारगंज के कैलाश नदी क्षेत्र की है, जहां अवैध खनन रोकने के दौरान यह हमला हुआ। घटना के बाद वन विभाग और पुलिस प्रशासन में हड़कंप मचा हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *