॰ राज्यपाल डॉ. ढाल सिंह बिसेन ने आठ शोधार्थियों को प्रदान की पीएचडी की उपाधि, अश्वनी लोहनी को मानद उपाधि से किया सम्मानित
Haldwani: उत्तराखण्ड मुक्त विश्वविद्यालय, हल्द्वानी का 11वां दीक्षांत समारोह बुधवार को गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। समारोह में प्रदेश के राज्यपाल एवं विश्वविद्यालय के कुलाधिपति डॉ. ढाल सिंह बिसेन ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। इस दौरान शैक्षणिक सत्र 2025-26 में विभिन्न पाठ्यक्रमों की पढ़ाई पूरी करने वाले 14,857 शिक्षार्थियों को डिजिलॉकर के माध्यम से उपाधियां प्रदान की गईं। वहीं, आठ शोधार्थियों को पीएचडी की उपाधि और 36 मेधावी विद्यार्थियों को स्वर्ण पदक से सम्मानित किया गया। समारोह में प्रख्यात प्रशासनिक एवं प्रबंधकीय विशेषज्ञ तथा भारतीय रेल सेवा के सेवानिवृत्त अधिकारी अश्वनी लोहनी को मानद उपाधि प्रदान की गई।
समारोह में प्रदेश के उच्च शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत विशिष्ट अतिथि तथा राष्ट्रीय मूल्यांकन एवं प्रत्यायन परिषद (नैक) की कार्यकारी समिति के अध्यक्ष एवं विश्वविद्यालय के पूर्व कुलपति प्रो. नागेश्वर राव विशेष अतिथि के रूप में मौजूद रहे।
दीक्षांत समारोह का शुभारंभ विश्वविद्यालय परिसर में स्थापित स्वामी विवेकानंद की प्रतिमा के अनावरण के साथ हुआ। राज्यपाल एवं अन्य अतिथियों ने प्रतिमा का अनावरण किया। इसके बाद शौर्य दीवार पर पुष्प अर्पित कर देश के वीर सपूतों को श्रद्धांजलि दी गई।
विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. नवीन चन्द्र लोहनी ने अतिथियों का स्वागत करते हुए विश्वविद्यालय की वार्षिक प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की। उन्होंने बताया कि विश्वविद्यालय अपनी स्थापना के 21 वर्ष पूरे कर चुका है। वर्ष 2026 में उत्तराखण्ड देश का छठा पूर्ण साक्षर राज्य बना है। विश्वविद्यालय लगातार दूरस्थ एवं पर्वतीय क्षेत्रों तक उच्च शिक्षा की पहुंच सुनिश्चित करने के लिए प्रयासरत है।
कुलपति ने बताया कि विश्वविद्यालय वर्तमान में आठ क्षेत्रीय केंद्रों और 144 अध्ययन केंद्रों के माध्यम से संचालित हो रहा है। इस वर्ष हरिद्वार में नया क्षेत्रीय कार्यालय भी स्थापित किया गया है। विश्वविद्यालय में कुल 94 शैक्षणिक कार्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं। इनमें भगवद्गीता अध्ययन, मानवाधिकार प्रमाण-पत्र तथा कुमाऊंनी, गढ़वाली, नेपाली और जापानी भाषा के पाठ्यक्रम भी शामिल हैं। एनसीवीईटी से नियामक प्राधिकरण एवं दोहरी मान्यता मिलने के बाद सहायक होमस्टे प्रबंधक पाठ्यक्रम भी शुरू किया गया है। उन्होंने बताया कि विश्वविद्यालय ने परीक्षा परिणाम 15 कार्यदिवसों में जारी किए।
उन्होंने विश्वविद्यालय की सामाजिक एवं सामुदायिक गतिविधियों की जानकारी देते हुए बताया कि इस वर्ष 231 जनजागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से 22,261 लोगों तक पहुंच बनाई गई। इसके साथ ही एक लाख दस हजार से अधिक पुस्तकें निःशुल्क वितरित की गईं। सैन्य प्रतिष्ठानों और कारागारों में पांच विशेष अध्ययन केंद्र स्थापित किए गए हैं। विश्वविद्यालय की ओर से गोद लिए गए आठ गांवों में ‘गांव गौरव’ और ‘उच्च शिक्षा आपके द्वार’ जैसे कार्यक्रम चलाए जा रहे हैं।
कुलपति ने सामुदायिक रेडियो ‘हैलो हल्द्वानी 91.2 एफएम’, ‘फिन बोध’, ‘उत्तरावाणी’ और ‘मुक्त ज्ञान कोष’ जैसी पहलों का भी उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि विश्वविद्यालय के शिक्षकों ने सात पेटेंट डिजाइन और 135 शोध पत्रों के माध्यम से उल्लेखनीय योगदान दिया है। इसके अलावा शिक्षकों को यूकॉस्ट सहित सात पुरस्कार प्राप्त हुए हैं।
समारोह में आठ शोधार्थियों को पीएचडी की उपाधि प्रदान की गई। इनमें किरण कुमार, प्रवीण लखेड़ा, प्रीती वर्मा, हिमानी तिवारी पाण्डेय, राधा, अंकुर मित्तल, दीपक सोराड़ी और मयूर बघरवाल शामिल हैं।
वहीं, 36 मेधावी विद्यार्थियों को स्वर्ण पदकों से सम्मानित किया गया। इनमें 30 विश्वविद्यालय स्वर्ण पदक, दो कुलाधिपति स्वर्ण पदक और चार प्रायोजित स्वर्ण पदक शामिल हैं। स्वर्ण पदक विजेताओं में विभिन्न स्नातक एवं स्नातकोत्तर पाठ्यक्रमों के विद्यार्थी शामिल रहे। राज्यपाल ने विद्यार्थियों को राष्ट्र और समाज के प्रति अपने दायित्वों का ईमानदारी से निर्वहन करने का संकल्प भी दिलाया।
समारोह में भारतीय रेल सेवा के 1980 बैच के सेवानिवृत्त अधिकारी अश्वनी लोहनी को उनके प्रशासनिक, प्रबंधकीय और व्यावसायिक योगदान के लिए मानद उपाधि प्रदान की गई। लोहनी भारतीय रेल बोर्ड के अध्यक्ष, एयर इंडिया के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक और भारतीय पर्यटन विकास निगम के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक जैसे महत्वपूर्ण पदों पर अपनी सेवाएं दे चुके हैं।
रेलवे, विमानन और पर्यटन के क्षेत्र में उनके योगदान को विशेष रूप से सराहा गया। विश्व की सबसे पुरानी चालू भाप इंजन रेलगाड़ी ‘फेयरी क्वीन’ के पुनरुद्धार और संचालन के लिए उनका नाम गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज है। वहीं, चार अभियांत्रिकी विधाओं में डिग्री के समकक्ष योग्यताएं अर्जित करने के लिए उनका नाम लिम्का बुक ऑफ रिकॉर्ड्स में भी दर्ज किया गया है। वर्तमान में वह नई दिल्ली स्थित प्रधानमंत्री संग्रहालय एवं पुस्तकालय सोसाइटी के निदेशक हैं।
उच्च शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने कहा कि शिक्षा केवल रोजगार प्राप्त करने का माध्यम नहीं, बल्कि व्यक्ति, समाज और राष्ट्र के समग्र विकास का आधार है। उन्होंने राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के उद्देश्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि उत्तराखण्ड इसके क्रियान्वयन में अग्रणी भूमिका निभा रहा है।
उन्होंने प्रदेश सरकार की ओर से उच्च शिक्षा के क्षेत्र में किए जा रहे प्रयासों की जानकारी देते हुए प्रत्येक विकासखंड में डिग्री कॉलेज, निःशुल्क पाठ्यपुस्तकें, महिला छात्रावास, छात्रवृत्ति, ई-लाइब्रेरी और मुख्यमंत्री उच्च शिक्षा शोध प्रोत्साहन योजना जैसी पहलों का उल्लेख किया।
मंत्री ने विद्यार्थियों को कृत्रिम बुद्धिमत्ता, ड्रोन तकनीक, डेटा साइंस और साइबर सुरक्षा जैसे उभरते क्षेत्रों में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। साथ ही हिमालयी पारिस्थितिकी, जल संरक्षण और आपदा प्रबंधन जैसे विषयों में शोध को प्रोत्साहित करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को केवल नौकरी पाने तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि रोजगार देने वाले बनने की दिशा में भी प्रयास करना चाहिए।
विशेष अतिथि प्रो. नागेश्वर राव ने विश्वविद्यालय की उपलब्धियों की सराहना करते हुए कहा कि मुक्त विश्वविद्यालय की मूल अवधारणा शिक्षा को सर्वसुलभ और लोकतांत्रिक बनाना है। मुक्त एवं दूरस्थ शिक्षा आज उच्च शिक्षा की एक महत्वपूर्ण पद्धति के रूप में स्थापित हो चुकी है।
उन्होंने विद्यार्थियों से आजीवन सीखने और अपने व्यक्तिगत विकास को राष्ट्र के विकास से जोड़ने का आह्वान किया। विश्वविद्यालय की ओर से गोद लिए गए आठ गांवों, सैनिकों और कारागारों में स्थापित अध्ययन केंद्रों, शहीद सैनिकों की विधवाओं को शुल्क में छूट तथा दिव्यांगजनों के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना की। उन्होंने पर्यावरण संरक्षण के लिए ई-चार्जिंग स्टेशन और हरेला पर्व पर 500 से अधिक फलदार एवं औषधीय पौधे लगाने की पहल को भी सराहनीय बताया।
राज्यपाल बोले- शिक्षा का उद्देश्य चरित्र निर्माण भी
राज्यपाल एवं कुलाधिपति डॉ. ढाल सिंह बिसेन ने उपाधि प्राप्त करने वाले सभी विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि दीक्षांत समारोह केवल उपाधि प्राप्त करने का अवसर नहीं, बल्कि समाज और राष्ट्र के प्रति नई जिम्मेदारियों की शुरुआत है।
श्रीमद्भगवद्गीता के श्लोक ‘न हि ज्ञानेन सदृशं पवित्रमिह विद्यते’ का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल उपाधि हासिल करना नहीं, बल्कि व्यक्ति के चरित्र, चिंतन और व्यवहार को श्रेष्ठ बनाना भी है।
उन्होंने मुक्त एवं दूरस्थ शिक्षा के माध्यम से पर्वतीय और दुर्गम क्षेत्रों के विद्यार्थियों, महिलाओं, कामकाजी लोगों, सैनिकों तथा कारागारों में निरुद्ध व्यक्तियों तक उच्च शिक्षा पहुंचाने के विश्वविद्यालय के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने विश्वविद्यालय की ओर से निःशुल्क पुस्तकों के वितरण, सामुदायिक रेडियो और डिजिटल शैक्षणिक पहलों को महत्वपूर्ण बताया।
राज्यपाल ने कहा कि कृत्रिम बुद्धिमत्ता और डिजिटल तकनीक के दौर में विद्यार्थियों को निरंतर अपने कौशल का विकास करना होगा। तकनीकी प्रगति मानवीय विवेक, नैतिकता और संवेदनशीलता के अनुरूप होनी चाहिए। उन्होंने युवाओं से राष्ट्र प्रथम की भावना अपनाने, संवैधानिक कर्तव्यों का पालन करने और नशे से दूर रहने का आह्वान किया।
उत्तराखण्ड में पलायन की समस्या पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि स्थानीय स्तर पर शिक्षा, कौशल और रोजगार के अवसर विकसित करना इसका प्रभावी समाधान हो सकता है। पर्यटन, होमस्टे, जैविक कृषि, उद्यानिकी, योग, आयुर्वेद और स्थानीय उत्पादों में रोजगार एवं उद्यमिता की व्यापक संभावनाएं हैं। उन्होंने विश्वविद्यालय से इन क्षेत्रों में शोध और कौशल विकास को बढ़ावा देने की अपेक्षा की। साथ ही हिमालय और पर्यावरण संरक्षण, जल संरक्षण, स्वच्छता तथा वृक्षारोपण के महत्व पर भी जोर दिया।

‘उड़ान’ पत्रिका का विमोचन, प्राध्यापक सम्मानित
समारोह के दौरान विश्वविद्यालय की पत्रिका ‘उड़ान’ का विमोचन किया गया। इसके साथ ही शैक्षणिक और शोध कार्यों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले प्राध्यापकों को सम्मानित किया गया। समारोह में सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन हुआ, जिसमें संगीत विभाग की प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम की गरिमा बढ़ाई।
दीक्षांत समारोह में लायंस क्लब हल्द्वानी ग्रीन सिटी के अध्यक्ष एवं वरिष्ठ व्यापारी नेता डॉ. प्रमोद अग्रवाल ‘गोल्डी’ की ओर से प्रायोजित तीन स्वर्ण पदक भी प्रदान किए गए। इनमें स्नातक स्तर पर सर्वोच्च अंक प्राप्त करने वाली छात्रा के लिए लाला देवकीनंदन नंद किशोर एजेंसीज स्मृति स्वर्ण पदक, स्नातकोत्तर स्तर पर सर्वोच्च अंक प्राप्त करने वाली छात्रा के लिए स्वर्गीय श्रीमती शीला देवी स्मृति स्वर्ण पदक और एमकॉम में सर्वोच्च अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थी के लिए स्वर्गीय श्रीमती भगवती देवी स्मृति स्वर्ण पदक शामिल हैं।
इस अवसर पर विश्वविद्यालय के अधिकारी, विभिन्न विद्याशाखाओं के निदेशक, प्राध्यापक, कर्मचारी, शोधार्थी, विद्यार्थी और उनके परिजन उपस्थित रहे। विश्वविद्यालय का 11वां दीक्षांत समारोह उच्च शिक्षा के विस्तार, शोध, नवाचार और सामाजिक उत्तरदायित्व के प्रति उसकी प्रतिबद्धता को प्रदर्शित करने वाला अवसर रहा।
For latest news updates click here

Chief Editor, Aaj Khabar
