Haldwani: महंगाई की मार झेल रहे उपभोक्ताओं को एक बार फिर झटका लगने जा रहा है। नैनीताल दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ ने आंचल दूध और दुग्ध उत्पादों के दामों में बढ़ोतरी करने का निर्णय लिया है। नई दरें 20 नवंबर 2026 से लागू होंगी। इससे पहले भी दूध के दामों में बढ़ोतरी की गई थी। अब एक बार फिर कीमतें बढ़ने से आम उपभोक्ताओं की जेब पर अतिरिक्त बोझ पड़ेगा।
नैनीताल दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ लिमिटेड लालकुआं की ओर से जारी सूचना के अनुसार, विभिन्न प्रकार के दूध और दुग्ध उत्पादों की दरों में संशोधन किया गया है। नई दरों के तहत आंचल गोल्ड फुल क्रीम दूध के छह लीटर पैक की उपभोक्ता कीमत 450 रुपये निर्धारित की गई है। वहीं आंचल शक्ति स्टैंडर्ड मिल्क के छह लीटर पैक की कीमत 372 रुपये होगी।
इसके अलावा आंचल गोल्ड फुल क्रीम दूध की 500 मिलीलीटर पैकिंग अब 76 रुपये प्रति लीटर, आंचल गाय का दूध 60 रुपये प्रति लीटर, आंचल शक्ति स्टैंडर्ड मिल्क की एक लीटर पैकिंग 63 रुपये प्रति लीटर और 500 मिलीलीटर पैकिंग 64 रुपये प्रति लीटर की दर से मिलेगी।
आंचल डबल टोंड मिल्क की 500 मिलीलीटर पैकिंग की कीमत 56 रुपये प्रति लीटर और 170 मिलीलीटर पैक की कीमत 12 रुपये निर्धारित की गई है। वहीं आंचल चाय स्पेशल की एक लीटर पैकिंग 62 रुपये, 320 मिलीलीटर पैकिंग 20 रुपये और 150 मिलीलीटर पैकिंग 10 रुपये में मिलेगी।
दुग्ध उत्पादों में आंचल पनीर की 180 ग्राम पैकिंग की कीमत 85 रुपये और आंचल क्रीम की एक किलोग्राम पैकिंग की कीमत 580 रुपये निर्धारित की गई है।
दुग्ध संघ के सामान्य प्रबंधक अनुराग शर्मा की ओर से जारी सूचना में स्पष्ट किया गया है कि इन उत्पादों के अतिरिक्त अन्य दूध एवं दुग्ध उत्पादों की कीमतों में फिलहाल कोई बढ़ोतरी नहीं की जा रही है। नई दरें 20 नवंबर से प्रभावी होंगी।

For latest news updates click here

Chief Editor, Aaj Khabar
