Haridwar Kumbh 2027 Uttarakhand Government
Headlines

Haldwani: हल्द्वानी के वैज्ञानिक डॉ. मानस शर्मा ने रचा इतिहास, विकसित किया दुनिया का पहला पाइथन आधारित स्वदेशी क्वांटम सॉफ्टवेयर ‘पाइफॉक’

Haldwani: हल्द्वानी के वैज्ञानिक डॉ. मानस शर्मा ने रचा इतिहास, विकसित किया दुनिया का पहला पाइथन आधारित स्वदेशी क्वांटम सॉफ्टवेयर ‘पाइफॉक’
शेयर करे-

Haldwani: उत्तराखंड के हल्द्वानी निवासी वैज्ञानिक डॉ. मानस शर्मा ने भारतीय विज्ञान और तकनीक के क्षेत्र में महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। भारतीय विज्ञान संस्थान (आईआईएससी), बेंगलुरु में कार्यरत डॉ. शर्मा ने स्वदेशी क्वांटम-केमिस्ट्री सॉफ्टवेयर ‘पाइफॉक’ (PyFock) विकसित किया है। इसे अपनी तरह का दुनिया का पहला ऐसा सॉफ्टवेयर पैकेज बताया जा रहा है, जिसे लोकप्रिय पाइथन प्रोग्रामिंग भाषा में विकसित किया गया है और जो जटिल वैज्ञानिक गणनाएं उच्च गति से करने में सक्षम है। उनकी इस उपलब्धि को ‘मेक इन इंडिया’ और ‘आत्मनिर्भर भारत’ की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

डॉ. मानस शर्मा ने जर्मनी के प्रसिद्ध वैज्ञानिक प्रो. मारेक सिएरका के साथ पाइफॉक पर शोध-पत्र तैयार किया है, जो अमेरिकन केमिकल सोसायटी के प्रतिष्ठित वैज्ञानिक जर्नल में प्रकाशित हुआ है। यह सॉफ्टवेयर वैज्ञानिकों को कंप्यूटर की मदद से अणुओं के भीतर इलेक्ट्रॉनों की व्यवस्था, ऊर्जा, स्थिरता और इलेक्ट्रॉनिक गुणों का अध्ययन करने की सुविधा देता है। सरल शब्दों में कहें तो पाइफॉक एक डिजिटल वैज्ञानिक प्रयोगशाला की तरह काम करता है, जहां वास्तविक प्रयोग करने से पहले ही किसी पदार्थ या अणु के गुणों का कंप्यूटर पर अनुमान लगाया जा सकता है। इससे नई दवाओं, उत्प्रेरकों, इलेक्ट्रॉनिक पदार्थों और उन्नत रसायनों के विकास से जुड़े शोध में मदद मिल सकती है।

पाइफॉक की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि जटिल वैज्ञानिक गणनाओं के लिए विकसित होने के बावजूद इसे अपेक्षाकृत सरल प्रोग्रामिंग भाषा पाइथन में तैयार किया गया है। यह आधुनिक कंप्यूटरों के शक्तिशाली ग्राफिक्स प्रोसेसर (GPU) का भी इस्तेमाल कर सकता है, जिससे बड़ी और जटिल गणनाएं तेजी से पूरी की जा सकती हैं। सॉफ्टवेयर को दुनियाभर के वैज्ञानिकों, शोधकर्ताओं और विद्यार्थियों के लिए निःशुल्क उपलब्ध कराया गया है, ताकि अधिक से अधिक लोग इसका उपयोग वैज्ञानिक अनुसंधान में कर सकें।

डॉ. मानस शर्मा ने जर्मनी के फ्रेडरिक शिलर विश्वविद्यालय, येना से भौतिकी में पीएचडी की है। उनके शोध को विश्वविद्यालय के सर्वोच्च शैक्षणिक सम्मान ‘सुम्मा कम लॉडे’ से सम्मानित किया गया। जर्मनी में अपने शोध कार्य के दौरान उन्होंने विश्व स्तर पर इस्तेमाल किए जाने वाले प्रसिद्ध क्वांटम-केमिस्ट्री सॉफ्टवेयर टर्बोमोल के विकास में भी योगदान दिया। विदेश में अपना करियर जारी रखने के बजाय उन्होंने भारत लौटने का निर्णय लिया और अगस्त 2024 में भारतीय विज्ञान संस्थान, बेंगलुरु से जुड़ गए। उनका उद्देश्य देश में उन्नत वैज्ञानिक विधियों और मौलिक शोध सॉफ्टवेयर के विकास को बढ़ावा देना है। पाइफॉक इसी सोच का परिणाम है।

डॉ. मानस शर्मा की प्रारंभिक शिक्षा हल्द्वानी के काठगोदाम स्थित निर्मला कॉन्वेंट सीनियर सेकेंडरी स्कूल में हुई। इसके बाद उन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय से स्नातक और स्नातकोत्तर की पढ़ाई पूरी की तथा उच्च शिक्षा और शोध के लिए जर्मनी गए। डॉ. शर्मा के अनुसार, विद्यालय में मिला अनुशासन, शिक्षा और विज्ञान के प्रति प्रोत्साहन उनकी उपलब्धियों की नींव बना। उनकी पत्नी प्रियांशी पुणे टेक्नोलॉजिकल यूनिवर्सिटी के कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग में असिस्टेंट प्रोफेसर हैं। उनकी माता रश्मि शर्मा वरिष्ठ शिक्षाविद हैं और हल्द्वानी के कई विद्यालयों में प्रधानाचार्य रह चुकी हैं, जबकि पिता रवि शर्मा वरिष्ठ पत्रकार एवं बाल साहित्यकार हैं।

वैज्ञानिक शोध के क्षेत्र में भी डॉ. मानस शर्मा की उपलब्धियां उल्लेखनीय हैं। उनके अब तक 13 शोधपत्र प्रकाशित हो चुके हैं। उनके शोध अमेरिका की अमेरिकन केमिकल सोसायटी की प्रतिष्ठित पत्रिकाओं के साथ फिजिकल रिव्यू बी, एडवांस्ड मैटेरियल्स, नैनो लेटर्स और द जर्नल ऑफ केमिकल फिजिक्स जैसी अंतरराष्ट्रीय वैज्ञानिक पत्रिकाओं में प्रकाशित हुए हैं।

उन्होंने भारत, जर्मनी, बेल्जियम और ब्रिटेन में आयोजित प्रतिष्ठित वैज्ञानिक सम्मेलनों में अपने शोध प्रस्तुत किए हैं। बेल्जियम के विश्वप्रसिद्ध शोध संस्थान आईमेक (imec), ल्यूवेन में आयोजित सम्मेलन और ब्रिटेन की ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी में दिया गया आमंत्रित व्याख्यान उनकी प्रमुख उपलब्धियों में शामिल हैं।

उनके शोध कार्यों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कई सम्मान भी मिल चुके हैं। वर्ष 2021 में यूरोपीय मैटेरियल्स रिसर्च सोसायटी के अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन में उन्हें सर्वश्रेष्ठ मौखिक प्रस्तुति पुरस्कार मिला। वर्ष 2026 में भारतीय विज्ञान संस्थान के केमिकल इंजीनियरिंग सिम्पोजियम में सर्वश्रेष्ठ वैज्ञानिक व्याख्यान पुरस्कार और अंतरराष्ट्रीय आणविक सिमुलेशन सम्मेलन (ICMS 2026) में सर्वश्रेष्ठ शोध पोस्टर पुरस्कार से सम्मानित किया गया। इसके अतिरिक्त वर्ष 2022 और 2024 में अंतरराष्ट्रीय सम्मेलनों में शोध प्रस्तुत करने के लिए उन्हें विशेष यात्रा अनुदान भी मिले।

शोध के साथ-साथ डॉ. शर्मा विज्ञान शिक्षा को सरल और सुलभ बनाने के लिए भी काम कर रहे हैं। उनके शैक्षणिक यूट्यूब चैनल ‘Phys Whiz’ के 20 हजार से अधिक सब्सक्राइबर हैं और उनके वीडियो को अब तक 36 लाख से अधिक बार देखा जा चुका है।

हल्द्वानी से निकलकर अंतरराष्ट्रीय वैज्ञानिक जगत में अपनी पहचान बनाने वाले डॉ. मानस शर्मा की यह उपलब्धि न केवल उत्तराखंड बल्कि पूरे देश के लिए गर्व का विषय है। स्वदेशी वैज्ञानिक सॉफ्टवेयर का विकास भारत को अत्याधुनिक शोध तकनीकों के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण प्रयास है।

For latest news updates click here

News Update

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *