Haridwar Kumbh 2027 Uttarakhand Government
Headlines

Haridwar: हरिद्वार में भाजपा की चुनावी रणनीति तैयार, सातों मोर्चों को एक-एक लाख लोगों को जोड़ने का लक्ष्य

Haridwar: हरिद्वार में भाजपा की चुनावी रणनीति तैयार, सातों मोर्चों को एक-एक लाख लोगों को जोड़ने का लक्ष्य
शेयर करे-

Haridwar: उत्तराखंड में वर्ष 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव में लगातार तीसरी बार जीत हासिल करने के लक्ष्य के साथ भारतीय जनता पार्टी ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में हरिद्वार स्थित प्रेम नगर आश्रम में भाजपा की दो दिवसीय प्रदेश विस्तारित कार्यसमिति आयोजित की जा रही है। कार्यसमिति के पहले दिन पार्टी के सभी सातों मोर्चों और विभिन्न प्रकोष्ठों के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं को चुनावी तैयारियों के लिए सक्रिय किया गया। प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट की मौजूदगी में संगठन के वरिष्ठ नेताओं ने पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को आगामी विधानसभा चुनाव के लिए लक्ष्य निर्धारित कर संगठन को मजबूत करने के निर्देश दिए।

कार्यसमिति के पहले दिन प्रशिक्षण कार्यक्रम के साथ ही संगठनात्मक गतिविधियों और चुनावी रणनीति पर चर्चा हुई। शाम को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी कार्यसमिति की बैठक में शामिल हुए। इस दौरान प्रदेश पदाधिकारियों की बैठक आयोजित की गई, जिसमें आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर संगठन की रणनीति पर मंथन किया गया।

प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने बताया कि पार्टी के सभी सातों मोर्चों को एक-एक लाख लोगों को भाजपा से जोड़ने का लक्ष्य दिया गया है। इसके लिए बूथ स्तर पर सदस्यता अभियान चलाया जाएगा और समाज के सभी वर्गों तक पहुंच बनाई जाएगी। उन्होंने कहा कि पार्टी विशेष रूप से युवा, महिला, ओबीसी और अनुसूचित वर्ग सहित विभिन्न सामाजिक समूहों के बीच अपनी सक्रियता बढ़ाएगी। अन्य राजनीतिक दलों के कई लोग भी भाजपा के संपर्क में हैं, लेकिन पार्टी की प्राथमिकता है कि संबंधित वर्गों के लोगों को उनके प्रतिनिधि मोर्चों के माध्यम से ही संगठन से जोड़ा जाए।

महेंद्र भट्ट ने बताया कि दिसंबर के अंत तक जिलों में मोर्चों की कार्यसमिति की बैठकें आयोजित की जाएंगी। इसके साथ ही ब्लॉक स्तर तक संगठनात्मक बैठकों का कार्यक्रम भी तय किया जाएगा। मोर्चों की कार्यसमिति की बैठकों की तिथियां भी दिसंबर के अंत तक घोषित कर दी जाएंगी।

वहीं, उत्तराखंड भाजपा की सहप्रभारी बांसुरी स्वराज ने कहा कि प्रदेश में डबल इंजन की सरकार अभूतपूर्व विकास कार्य कर रही है। उन्होंने विश्वास जताया कि विकास कार्यों के दम पर उत्तराखंड की जनता एक बार फिर भाजपा के पक्ष में जनादेश देगी और प्रदेश में कमल खिलाएगी। उन्होंने कहा कि कार्यसमिति की बैठक में चुनावी तैयारियों को लेकर सकारात्मक और पारिवारिक माहौल में विस्तार से चर्चा हुई। पार्टी के वरिष्ठ नेताओं का मार्गदर्शन और आशीर्वाद सभी पदाधिकारियों को मिला है।

कार्यसमिति के दूसरे दिन केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह भी बैठक में शामिल होंगे। उनके संबोधन को आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों और संगठन की रणनीति के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

For latest news updates click here

News Update

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *