Haridwar: उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता हरीश रावत ने बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर तीखा हमला बोला है। हरिद्वार में धन्यवाद संवाद यात्रा के दौरान मीडिया से बातचीत में हरीश रावत ने नीतीश कुमार को ‘पलटूराम’ बताते हुए कहा कि उन्होंने नीतीश कुमार जितना पलटूराम कहीं नहीं देखा।
दरअसल, हाल ही में दिल्ली में हुई कांग्रेस वर्किंग कमेटी की बैठक में कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी ने नीतीश कुमार को लेकर टिप्पणी की थी। इसी को लेकर जब हरिद्वार में मीडिया ने हरीश रावत से सवाल किया तो उन्होंने नीतीश कुमार पर निशाना साधते हुए कहा कि पहले वही नीतीश कुमार भाजपा के विरोध में सभी राजनीतिक दलों को एकजुट करने में जुटे थे और बाद में भाजपा का ही गुणगान करने लगे।
बीजेपी पर निशाना साधते हुए हरीश रावत ने कहा कि वह तब तक भाजपा का विरोध करते रहेंगे, जब तक उनके दरवाजे पर ईडी और सीबीआई आती रहेगी। उन्होंने कहा कि उनका जीवन खुली किताब है और जिसको भी जांच करनी है, वह कर सकता है। हरीश रावत ने यहां तक कहा कि जरूरत हो तो उनके रिश्तेदारों की भी जांच कराई जा सकती है।
वोट चोरी के मुद्दे पर भी हरीश रावत ने केंद्र और भाजपा सरकार पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि जब देश में वोट चोरी हो जाती है तो चुनी हुई सरकारों का नैतिक बल समाप्त हो जाता है। उन्होंने दावा किया कि मौजूदा सरकारों का नैतिक बल समाप्त हो चुका है और वोट चोरी से बनी सरकारों के जाने का समय आ गया है।
गुरुवार एक अक्टूबर को हरीश रावत ने हरिद्वार में धन्यवाद संवाद यात्रा निकाली। यात्रा के दौरान जगह जगह कांग्रेस कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने फूलमालाओं और आतिशबाजी के साथ उनका स्वागत किया। हरीश रावत बड़े काफिले के साथ हरिद्वार से रवाना हुए। यात्रा के सबसे आगे चल रहे वाहन पर ‘टाइगर इज बैक’ का पोस्टर भी नजर आया। पोस्टर में हरीश रावत की जींस और शर्ट पहने तस्वीर लगी थी। हरीश रावत ने इसे समर्थकों की ओर से उनके सम्मान के प्रयास के तौर पर बताया।
मैंगो फार्म हाउस के पास हरिद्वार ग्रामीण की विधायक अनुपमा रावत ने भी समर्थकों के साथ अपने पिता हरीश रावत का स्वागत किया और यात्रा में शामिल हुईं। हरीश रावत की धन्यवाद संवाद यात्रा का समापन खानपुर विधानसभा क्षेत्र में होगा।
हरीश रावत ने कहा कि उनकी धन्यवाद संवाद यात्रा का संदेश स्पष्ट है कि अब देश और प्रदेश में परिवर्तन आना चाहिए। उन्होंने कहा कि यात्रा को लेकर लोगों में काफी उत्साह देखने को मिल रहा है और इसके लिए वह सभी का धन्यवाद करते हैं। हरीश रावत ने कहा कि लोगों ने उन्हें पहले भी बहुत प्यार दिया है और उनके आशीर्वाद से ही वह स्वस्थ होकर राजनीति में वापस लौटे हैं। उन्होंने कहा कि लोगों का आशीर्वाद उनकी शक्ति रहा है और आगे भी वह इसी आशीर्वाद के आकांक्षी रहेंगे।
For latest news updates click here

Chief Editor, Aaj Khabar
