Haridwar: हरिद्वार में निठारी कांड के पूर्व आरोपी सुरेंद्र कोली की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। भूपतवाला क्षेत्र में लालमाता मंदिर के सामने चाय के खोखे के भीतर शुक्रवार को करीब 50 वर्षीय सुरेंद्र कोली का शव मिला। सूचना पर नगर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान सुरेंद्र कोली पुत्र शंकु राम, निवासी ग्राम मंगरुखाल, भिकियासैंण, अल्मोड़ा के रूप में हुई है। प्रारंभिक जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद होगी।
बताया जा रहा है कि सुरेंद्र कोली पिछले कुछ समय से हरिद्वार में रह रहा था और रोशनाबाद में सिक्योरिटी गार्ड के रूप में काम कर रहा था। पुलिस की जानकारी के मुताबिक उसने करीब चार दिन पहले ही भूपतवाला क्षेत्र में चाय का खोखा शुरू किया था। शुक्रवार को इसी खोखे के भीतर उसका शव मिला।
सुरेंद्र कोली का नाम वर्ष 2009 में नोएडा के चर्चित निठारी कांड के मामले में सामने आया था और उसे मुख्य आरोपी बनाया गया था। हालांकि, वर्ष 2025 में अदालत से उसे इस मामले में बरी कर दिया गया था।
पुलिस अब सुरेंद्र कोली के हरिद्वार में रहने, उसके संपर्क में रहे लोगों और हाल की गतिविधियों की जानकारी जुटा रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि मौके से कोई सुसाइड नोट मिला है या नहीं।
नगर कोतवाली प्रभारी इंस्पेक्टर कुंदन सिंह राणा ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है। प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का लग रहा है और मामले की गहनता से जांच की जा रही है।
For latest news updates click here

Chief Editor, Aaj Khabar
