Nainital: 18 से 23 सितंबर तक आयोजित होने वाले ऐतिहासिक मां नंदा देवी महोत्सव को लेकर नैनीताल पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था को पुख्ता कर दिया है। शुक्रवार को एसपी नैनीताल डॉ. जगदीश चंद्र और एसपी संचार रेवाधर मठपाल ने मेला क्षेत्र का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
महोत्सव के दौरान कानून व्यवस्था, यातायात और श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए एसपी नैनीताल के नेतृत्व में पुलिस बल ने फ्लैग मार्च निकाला। फ्लैग मार्च मेला परिसर, रिक्शा स्टैंड मल्लीताल, फ्लैट्स मैदान, भोटिया मार्केट, मस्जिद तिराहा और घोड़ा स्टैंड समेत प्रमुख भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों से होकर गुजरा। इस दौरान पुलिस अधिकारियों ने सुरक्षा इंतजामों और यातायात व्यवस्था का बारीकी से निरीक्षण किया।
वहीं, एसपी संचार रेवाधर मठपाल ने मेला कंट्रोल रूम, सीसीटीवी ग्रिड, खोया-पाया केंद्र और संचार व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को सुरक्षा निगरानी मजबूत रखने तथा किसी भी आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
महोत्सव में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए पुलिस बल को पूरी तरह सतर्क रहने, भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में प्रभावी निगरानी रखने और असामाजिक तत्वों पर कड़ी नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं। पुलिस प्रशासन ने श्रद्धालुओं और आगंतुकों से सुरक्षा व्यवस्था में सहयोग करने की अपील की है।
For latest news updates click here

Chief Editor, Aaj Khabar
