Haridwar Kumbh 2027 Uttarakhand Government
Headlines

Haldwani: उत्तराखंड मूल के असम के पूर्व DGP बीडी खर्कवाल का निधन, हल्द्वानी में राजकीय सम्मान के साथ दी गई अंतिम विदाई

Haldwani: उत्तराखंड मूल के असम के पूर्व DGP बीडी खर्कवाल का निधन, हल्द्वानी में राजकीय सम्मान के साथ दी गई अंतिम विदाई
शेयर करे-

Haldwani: उत्तराखंड मूल के वरिष्ठ IPS अधिकारी और असम के पूर्व पुलिस महानिदेशक बीडी खर्कवाल का 17 सितंबर 2026 की सुबह 90 वर्ष की आयु में बीमारी के चलते निधन हो गया। उनके निधन पर उत्तराखंड के पुलिस महानिदेशक दीपम सेठ ने गहरा दुख व्यक्त करते हुए इसे पुलिस एवं प्रशासनिक जगत के लिए अपूरणीय क्षति बताया।

सेवानिवृत्ति के बाद बीडी खर्कवाल हल्द्वानी के जज फार्म क्षेत्र में अपने परिवार के साथ रह रहे थे। उनके परिवार में पत्नी नीलिमा खर्कवाल, एक पुत्र और एक पुत्री हैं। उनके पुत्र अमिताभ खर्कवाल भारतीय डाक सेवा में महानिदेशक के पद से वर्ष 2024 में सेवानिवृत्त हुए।

बीडी खर्कवाल के निधन की सूचना के बाद SSP नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी के नेतृत्व में नैनीताल पुलिस, SSB और CRPF के अधिकारियों ने हल्द्वानी स्थित उनके आवास पर पहुंचकर भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की और उन्हें Guard of Honour के साथ अंतिम सलामी दी। SSP ने उनके पुलिस सेवा में दिए गए महत्वपूर्ण योगदान को स्मरण करते हुए परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की।

इसके बाद उनके पार्थिव शरीर को रानीबाग स्थित चित्रशिला घाट ले जाया गया, जहां परिजनों और गणमान्य लोगों की मौजूदगी में सैन्य सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया।

बीडी खर्कवाल ने अपने लंबे पुलिस सेवाकाल में पूर्वोत्तर भारत के चुनौतीपूर्ण दौर में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाईं। नवंबर 1990 में असम में ULFA उग्रवादियों के खिलाफ Operation Bajrang शुरू किए जाने के दौरान वे गुवाहाटी में केंद्रीय खुफिया अधिकारियों के साथ अभियान से जुड़े प्रमुख अधिकारियों में शामिल रहे। वर्ष 1993-94 में उन्होंने असम के पुलिस महानिदेशक के रूप में सेवाएं दीं।

उत्तराखंड और कुमाऊं से भी उनका गहरा जुड़ाव रहा। उन्होंने SSB रानीखेत तथा Intelligence Bureau नैनीताल में भी सेवाएं दीं। पुलिस सेवा में उनके योगदान और अनुभव के लिए उन्हें लंबे समय तक सम्मान के साथ याद किया जाएगा।

इस दौरान एसपी सिटी मनोज कुमार कत्याल, अपर पुलिस अधीक्षक अमित सैनी, प्रतिसार निरीक्षक हरकेश सिंह, निरीक्षक अभिसूचना ज्ञानेंद्र शर्मा, प्रभारी निरीक्षक मुखानी सुशील जोशी, प्रभारी निरीक्षक हल्द्वानी विजय मेहता, प्रभारी निरीक्षक काठगोदाम जसवीर चौहान, पीआरओ हेमा ऐठानी समेत नैनीताल पुलिस के अधिकारी और जवान मौजूद रहे।

नैनीताल पुलिस ने पूर्व डीजीपी बीडी खर्कवाल के निधन पर श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए शोकाकुल परिवार को इस अपूरणीय क्षति को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की कामना की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *