Haldwani: मानव विकास सेवा संस्थान की ओर से श्री रामलीला मैदान में आयोजित चार दिवसीय 26वें शरदोत्सव मेले का तीसरा दिन लोकसंस्कृति, संगीत और रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के नाम रहा। कार्यक्रम का शुभारंभ दर्जा राज्यमंत्री मोहन पाठक, प्रसिद्ध लोकगायक एवं म्यूजिक डायरेक्टर सुरेश राजन तथा ट्रिपल ए मैनेजमेंट सर्विसेज के जीएस रावत ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता दर्जा राज्यमंत्री हरीश रावत ने की।
इस अवसर पर महारानी होटल के स्वामी संयम मल्होत्रा, बाला मल्होत्रा, डायरेक्टर नेहा आर्य, सोहन लाल, राकेश कुमार सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। संस्थान की सचिव पूनम चंद और खुशबू सिंह ने तिलक एवं बैज लगाकर अतिथियों का स्वागत किया। संस्थापक अध्यक्ष एवं निर्माता-निर्देशक विक्की योगी ने बताया कि मेला 13 नवंबर 2026 तक आयोजित किया जा रहा है।
मेले के तीसरे दिन हिमाचल प्रदेश की प्रसिद्ध डांसर एवं अभिनेत्री ईशानी चौहान और शीतल ठाकुर ने हिमाचली नाटी की शानदार प्रस्तुति देकर दर्शकों को झूमने पर मजबूर कर दिया। वहीं प्रसिद्ध नृत्यांगना दुर्गा जोशी, किरण चंद और कुमकुम पांडे ने कुमाऊंनी लोकनृत्य प्रस्तुत कर उत्तराखंड की समृद्ध लोकसंस्कृति की खूबसूरत झलक दिखाई।
इंडियन आइडल फेम पवनदीप राजन के पिता एवं प्रसिद्ध लोकगायक और म्यूजिक डायरेक्टर सुरेश राजन की शानदार प्रस्तुतियों ने भी दर्शकों का मन मोह लिया। इसके अलावा लोकगायिका हंसा चंद, गायक राकेश जोशी, आर्यन मनोला और मेहुल कुमार एंड पार्टी ने अपनी प्रस्तुतियों से माहौल संगीतमय बना दिया।
फ्लाई विंग्स एकेडमी हल्द्वानी के प्रियांशु गुप्ता, गुंजन आर्य, निकिता आर्य, हिमानी और कविता तिवारी सहित अन्य कलाकारों ने भी आकर्षक प्रस्तुतियां दीं। रामनगर की आर नंदा कला संगम संस्था, रोहन नंदा, हिमालयन कला केंद्र समिति बिंदुखत्ता के शेर सिंह दानू और देवभूमि विरासत संरक्षण संस्थान की मीना राणा ने छाचरी, छोड़ा सहित कुमाऊंनी, गढ़वाली और जौनसारी सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से दर्शकों को मंत्रमुग्ध किया।
13 नवंबर को बॉलीवुड अभिनेता गुलशन पांडे रहेंगे आकर्षण का केंद्र
संस्थापक अध्यक्ष विक्की योगी ने बताया कि मेले के समापन समारोह में 13 नवंबर को बॉलीवुड अभिनेता गुलशन पांडे अपने कलाकारों के साथ पहुंचेंगे। इस दौरान वह स्थानीय कलाकारों का उत्साहवर्धन करेंगे। मेले में विभिन्न विभागों एवं संस्थाओं की ओर से लगाए गए प्रदर्शनी स्टॉल भी लोगों के आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं।
उन्होंने बताया कि मेले के चारों दिनों में निर्णायक मंडल द्वारा दर्शकों के बीच से मिस मेला क्वीन, मिसेज मेला क्वीन, बेस्ट ऑडियंस, बेस्ट कपल और बेस्ट किड्स का चयन किया जा रहा है। विजेताओं को नकद पुरस्कार, ट्रॉफी और प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया जाएगा।
मेले में प्रतिदिन दोपहर 2 बजे से प्रदर्शनी स्टॉल, शाम 5 बजे से सांस्कृतिक कार्यक्रम और शाम 7 बजे से बॉलीवुड नाइट का आयोजन किया जा रहा है। कार्यक्रम का संचालन शंकर कोहली, सिमरन कोहली और मोहम्मद नबी ने किया।
अंत में विक्की योगी ने क्षेत्रवासियों से परिवार और मित्रों के साथ मेले में पहुंचकर उत्तराखंड की लोकसंस्कृति, स्थानीय कलाकारों और उभरती प्रतिभाओं का उत्साहवर्धन करने की अपील की।
For latest news updates click here

Chief Editor, Aaj Khabar
