Haridwar Kumbh 2027 Uttarakhand Government
Headlines

Uttarakhand: मां उमा देवी मंदिर में सात फेरे लेकर विवाह बंधन में बंधे दो एसडीएम, सादगीपूर्ण शादी बनी चर्चा का विषय

Uttarakhand: मां उमा देवी मंदिर में सात फेरे लेकर विवाह बंधन में बंधे दो एसडीएम, सादगीपूर्ण शादी बनी चर्चा का विषय
शेयर करे-

Uttarakhand: उत्तराखंड में दो प्रशासनिक अधिकारियों ने अपने विवाह को खास बनाने के लिए भव्य आयोजन और शाही इंतजामों के बजाय देवभूमि की धार्मिक एवं सांस्कृतिक परंपराओं को प्राथमिकता दी। दोनों अधिकारियों ने मंदिर परिसर में पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ सात फेरे लेकर जीवनभर एक-दूसरे का साथ निभाने का संकल्प लिया। उनका सादगीपूर्ण विवाह अब चर्चा का विषय बना हुआ है।

दरअसल, चमोली जिले के कर्णप्रयाग स्थित प्रसिद्ध मां उमा देवी मंदिर में कर्णप्रयाग के उपजिलाधिकारी अलकेश नौडियाल और अल्मोड़ा जिले के भिकियासैंण की उपजिलाधिकारी याक्षी अरोड़ा विवाह बंधन में बंध गए। दोनों ने मंदिर के पावन प्रांगण में वैदिक मंत्रोच्चार और पारंपरिक रीति-रिवाजों के बीच सात फेरे लिए और एक-दूसरे को जीवनसाथी चुना।

इस विवाह की सबसे खास बात इसकी सादगी रही। जहां आजकल शादियों में भव्य सजावट, महंगे आयोजन और शाही इंतजामों का चलन बढ़ रहा है, वहीं दोनों प्रशासनिक अधिकारियों ने इन सबसे अलग हटकर धार्मिक और आध्यात्मिक महत्व वाले मां उमा देवी मंदिर को अपने नए जीवन की शुरुआत के लिए चुना। पारंपरिक परिवेश में संपन्न हुए इस विवाह ने देवभूमि की सांस्कृतिक विरासत और धार्मिक परंपराओं की खूबसूरती को भी दर्शाया।

दोनों अधिकारियों के इस फैसले की सराहना हो रही है। उत्तराखंड अपनी प्राकृतिक सुंदरता, धार्मिक स्थलों और समृद्ध सांस्कृतिक विरासत के लिए देशभर में अलग पहचान रखता है। ऐसे में मंदिर परिसर में सादगी के साथ संपन्न हुआ यह विवाह प्रदेश को विवाह पर्यटन के आकर्षक केंद्र के रूप में स्थापित करने के संदेश को भी मजबूती देता है।

For latest news updates click here

News Update

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *