Roorkee: रुड़की में वन विभाग के एक प्रधान सहायक का कथित तौर पर रुपये लेते हुए वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने से विभाग में हलचल मच गई है। वायरल वीडियो में कर्मचारी सात हजार रुपये लेने के बाद भी रकम कम बताते हुए अतिरिक्त पैसों की मांग करता दिखाई दे रहा है। मामले का संज्ञान लेते हुए उप प्रभागीय वनाधिकारी ने संबंधित कर्मचारी के खिलाफ विभागीय जांच शुरू करा दी है।
वायरल वीडियो में कर्मचारी सामने खड़े व्यक्ति से पूछता सुनाई दे रहा है कि वह कितने रुपये लेकर आया है। इस पर व्यक्ति सात हजार रुपये बताता है। इसके बाद कर्मचारी नोट गिनता है और रकम कम बताते हुए और पैसे देने की बात कहता है। बातचीत के दौरान 7,200 रुपये का जिक्र करते हुए 200 रुपये अतिरिक्त देने की मांग भी सुनाई देती है।
वीडियो में कर्मचारी और सामने मौजूद व्यक्ति के बीच बातचीत के दौरान “बॉटल का है, बॉटल ले लो” जैसे शब्द भी सुनाई दे रहे हैं। इसके अलावा वीडियो में संबंधित कर्मचारी को अलग-अलग स्थानों पर लोगों से नकदी लेते हुए भी दिखाए जाने का दावा किया जा रहा है। हालांकि, यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि रुपये किस काम के एवज में लिए जा रहे थे और पूरे लेनदेन के पीछे वास्तविक वजह क्या थी।
वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद सरकारी कार्यालयों में कथित तौर पर चल रहे पैसों के लेनदेन को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। मामले के तूल पकड़ने पर रुड़की के उप प्रभागीय वनाधिकारी (एसडीओ) ज्वाला प्रसाद गौड़ ने भी इसका संज्ञान लिया है।
एसडीओ ज्वाला प्रसाद गौड़ ने बताया कि वायरल वीडियो उनके संज्ञान में आया है और मामले की बारीकी से जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि इस तरह के कृत्य नियमों के विरुद्ध हैं और इससे विभाग की छवि धूमिल होती है। जांच रिपोर्ट में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर संबंधित कर्मचारी के खिलाफ सख्त विभागीय कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल वायरल वीडियो की सत्यता और रुपये लेने के पीछे की वास्तविक वजह जांच का विषय है।
For latest news updates click here

Chief Editor, Aaj Khabar
