Roorkee: हरिद्वार जिले के झबरेड़ा थाना क्षेत्र के झबरेड़ी कलां गांव में प्रेम प्रसंग को लेकर सनसनीखेज दोहरे हत्याकांड का मामला सामने आया है। आरोप है कि एक भाई ने अपनी 23 वर्षीय बहन और उसके 20 वर्षीय प्रेमी की गोली मारकर हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।
जानकारी के मुताबिक, अमन पुत्र रामकुमार कश्यप निवासी झबरेड़ी कलां अपनी बहन और सूरज के बीच चल रहे प्रेम प्रसंग से नाराज था। आरोप है कि इसी विवाद के चलते अमन ने पहले पड़ोस में रहने वाले सूरज को गोली मारी और इसके बाद घर जाकर अपनी बहन को भी गोली मार दी।
गोली चलने की सूचना मिलते ही झबरेड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया, जहां चिकित्सकों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। एक साथ दो मौतों की खबर से गांव में हड़कंप मच गया।
दोहरे हत्याकांड की सूचना पर एसपी देहात अभय सिंह भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने घटनास्थल का निरीक्षण कर पुलिस अधिकारियों से मामले की जानकारी ली और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए रुड़की के सिविल अस्पताल भेज दिया है।
पुलिस के मुताबिक, प्रारंभिक जांच में वारदात की वजह प्रेम प्रसंग से जुड़ा विवाद सामने आ रही है। हालांकि हत्या के पीछे की वास्तविक वजह और घटनाक्रम की पूरी जानकारी पुलिस की विस्तृत जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी। पुलिस घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के साथ ही स्थानीय लोगों से पूछताछ कर रही है।
झबरेड़ा कोतवाली प्रभारी विजय सिंह ने बताया कि प्रारंभिक तौर पर मामला प्रेम प्रसंग से जुड़े विवाद का प्रतीत हो रहा है। पुलिस पूरे मामले की बारीकी से जांच कर रही है और आरोपी की तलाश में जुटी है। गांव में दोहरे हत्याकांड के बाद तनाव और दहशत का माहौल बना हुआ है।

Chief Editor, Aaj Khabar
