Haridwar Kumbh 2027 Uttarakhand Government
Headlines

Rudrapur: जिला अस्पताल में मोबाइल कारोबारी की हत्या का खुलासा, मुख्य आरोपी विकास पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार

Rudrapur: जिला अस्पताल में मोबाइल कारोबारी की हत्या का खुलासा, मुख्य आरोपी विकास पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार
शेयर करे-

Rudrapur: जिला अस्पताल परिसर में इमरजेंसी वार्ड के बाहर हुए खूनी संघर्ष और मोबाइल कारोबारी नितेश उर्फ राज जौहरी की हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। वारदात के मुख्य आरोपी विकास कुमार को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की जवाबी फायरिंग में आरोपी के पैर में गोली लगी है। एसएसपी अजय गणपति के निर्देश पर गठित पुलिस टीमों ने घटना के महज 12 घंटे के भीतर मुख्य आरोपी को दबोच लिया। मामले में अब तक तीन आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है, जबकि अन्य की तलाश जारी है।

जानकारी के मुताबिक, 13 नवंबर 2026 की सुबह जगतपुरा, ट्रांजिट कैंप क्षेत्र में प्रजापति टेलीकॉम और राज टेलीकॉम के संचालकों के बीच मोबाइल कारोबार की प्रतिस्पर्धा को लेकर विवाद हो गया था। देखते ही देखते विवाद मारपीट में बदल गया और दोनों पक्षों के लोग आमने-सामने आ गए। इस दौरान कई लोग घायल हो गए, जिन्हें उपचार और मेडिकल परीक्षण के लिए रुद्रपुर जिला अस्पताल लाया गया।

बताया जा रहा है कि अस्पताल पहुंचने के बाद दोनों पक्षों के बीच एक बार फिर विवाद भड़क गया। इमरजेंसी वार्ड के बाहर दोनों पक्षों के लोग आपस में भिड़ गए। इसी दौरान हमलावरों ने नितेश उर्फ राज जौहरी के सीने पर किसी नुकीली वस्तु से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल नितेश को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। इस दौरान अस्पताल में मौजूद एक पीआरडी जवान भी घायल हो गया। अस्पताल परिसर में हुई इस वारदात से अफरा-तफरी मच गई थी।

मामले में मृतक के परिजन दिनेश जौहरी की तहरीर पर कोतवाली पंतनगर में मुकदमा दर्ज किया गया। घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी अजय गणपति ने तत्काल पुलिस टीमों का गठन कर आरोपियों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए। पुलिस ने घटनास्थल को सुरक्षित कर आरएफएसएल और फील्ड यूनिट की मदद से वैज्ञानिक तरीके से साक्ष्य जुटाए। इसके साथ ही जिला अस्पताल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई तथा प्रत्यक्षदर्शियों के बयान दर्ज किए गए। पुलिस के मुताबिक, सीसीटीवी फुटेज में वारदात के दौरान छह से सात लोगों की मौजूदगी सामने आई है।

पुलिस ने कार्रवाई करते हुए सबसे पहले आकाश कुमार और विनोद कुमार को गिरफ्तार किया। वहीं, मुख्य आरोपी विकास कुमार की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही थी। जांच के दौरान पुलिस को जानकारी मिली कि विकास बरेली के भोजीपुरा की ओर फरार होने की फिराक में है। पुलिस टीम ने उसे पकड़ लिया और देर रात थाना पुलभट्टा क्षेत्र में लेकर आ रही थी।

एसएसपी अजय गणपति के अनुसार, इसी दौरान आरोपी ने एक सब इंस्पेक्टर की पिस्तौल छीनकर भागने का प्रयास किया। पुलिस टीम ने उसे रोकने की कोशिश की तो आरोपी ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी गोली चलाई, जिसमें विकास कुमार के पैर में गोली लग गई। इसके बाद उसे गिरफ्तार कर उपचार के लिए नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया।

पुलिस ने इस मामले में अब तक विकास कुमार पुत्र विनोद कुमार, आकाश कुमार पुत्र विनोद कुमार और विनोद कुमार पुत्र स्वर्गीय रामावतार, तीनों निवासी जगतपुरा, ट्रांजिट कैंप रुद्रपुर को गिरफ्तार किया है। एसएसपी ने बताया कि अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलभट्टा थाना पुलिस, दिनेशपुर थाना पुलिस और एसओजी रुद्रपुर की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज और घटनास्थल से जुटाए गए साक्ष्यों के आधार पर मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।

For latest news updates click here

News Update

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *