Rudrapur: ऊधम सिंह नगर जिला मुख्यालय रुद्रपुर में सरकारी क्रय केंद्रों पर धान की खरीद शुरू नहीं होने से किसानों का आक्रोश मंगलवार को सड़क पर उतर आया। गल्ला मंडी में धरना देने के बाद जिले के अलग-अलग क्षेत्रों से पहुंचे किसानों ने हाईवे की एक साइड जाम कर दी। सड़क पर किसानों के बैठने से वाहनों की लंबी कतार लग गई। कई स्कूली बसें, ट्रक और अन्य वाहन जाम में फंस गए।
किसानों का कहना है कि धान की कटाई शुरू हुए कई दिन बीत चुके हैं और करीब 50 प्रतिशत फसल बाजार में पहुंच चुकी है, लेकिन सरकारी क्रय केंद्रों पर खरीद व्यवस्था अब तक पूरी तरह सुचारू नहीं हो पाई है। किसानों के मुताबिक कहीं पोर्टल में समस्या बताई जा रही है तो कहीं श्रमिकों की कमी का हवाला दिया जा रहा है। ऐसे में उन्हें अपनी तैयार फसल बेचने के लिए निजी व्यापारियों का सहारा लेना पड़ रहा है।
किसानों ने आरोप लगाया कि निजी व्यापारी उन्हें करीब 1600 से 1700 रुपये प्रति क्विंटल के भाव पर धान खरीद रहे हैं, जिससे उन्हें आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। किसानों का कहना है कि सरकार की ओर से निर्धारित समर्थन मूल्य के मुकाबले कम कीमत पर फसल बेचने के लिए वे मजबूर हैं।
सरकारी खरीद शुरू कराने की मांग को लेकर किसान पहले गल्ला मंडी में धरने पर बैठे थे। उनका कहना है कि वे पिछले कई दिनों से जिलाधिकारी, उपजिलाधिकारी या किसी अन्य प्रशासनिक अधिकारी के मौके पर पहुंचकर उनकी समस्याएं सुनने और ज्ञापन लेने का इंतजार कर रहे थे, लेकिन जब कोई अधिकारी नहीं पहुंचा तो किसानों का गुस्सा बढ़ गया। इसके बाद उन्होंने मंडी से बाहर निकलकर हाईवे की एक साइड जाम कर दी।
मामले की जानकारी मिलने पर पुलिस-प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। सीओ विभव सैनी ने किसानों से बातचीत कर उन्हें समझाने का प्रयास किया, लेकिन किसान अपनी मांगों पर अड़े रहे। किसान नेताओं ने स्पष्ट किया कि जब तक सरकारी क्रय केंद्रों पर तत्काल धान खरीद शुरू कराने को लेकर ठोस आश्वासन नहीं मिलता, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।
किसान नेताओं ने प्रशासन को चेतावनी दी कि यदि 15 से 20 मिनट के भीतर कोई प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचकर किसानों से बातचीत नहीं करता और उनकी समस्याओं के समाधान का आश्वासन नहीं देता है तो हाईवे की दूसरी साइड भी जाम कर दी जाएगी।
भारतीय किसान यूनियन के प्रदेश अध्यक्ष सलविंदर सिंह कलसी, तराई संघ के किसान यूनियन के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजेंद्र सिंह विर्क और किसान नेता ठाकुर जगदीश सिंह ने कहा कि किसानों की मांग बिल्कुल स्पष्ट है। सरकारी खरीद व्यवस्था तत्काल शुरू होनी चाहिए, ताकि किसानों को अपनी फसल औने-पौने दाम पर निजी व्यापारियों को बेचने के लिए मजबूर न होना पड़े।
किसानों ने सरकार और प्रशासन से पोर्टल संबंधी समस्याओं को दूर करने, पर्याप्त श्रमिकों की व्यवस्था करने और जिले के सभी सरकारी क्रय केंद्रों पर धान खरीद तत्काल शुरू कराने की मांग की। किसानों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा।

Chief Editor, Aaj Khabar
