Rudrapur: जिला अस्पताल में शुक्रवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब जगतपुरा निवासी मोबाइल कारोबारी नितेश जोहरी (36) की चाकू से हमला कर हत्या कर दी गई। हमले में उनका छोटा भाई दिनेश और दुकान का कर्मचारी कमल भी घायल हो गए। वारदात को अंजाम देने के बाद चारों हमलावर मौके से फरार हो गए। पुलिस आरोपितों की तलाश में जुटी है।
जानकारी के अनुसार, जगतपुरा निवासी नितेश जोहरी पुत्र कमलेश जोहरी घर में ही मोबाइल की दुकान संचालित करते थे। बताया जा रहा है कि करीब एक सप्ताह पहले उनका पड़ोस में मोबाइल की दुकान चलाने वाले एक व्यक्ति से विवाद हुआ था। इस दौरान उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी गई थी। नितेश ने मामले की शिकायत पुलिस से करते हुए तहरीर भी दी थी।
शुक्रवार सुबह दुकान पर काम करने वाले कर्मचारी कशिश के साथ पहले मारपीट की गई, जिसमें उसका सिर फट गया। घायल कशिश को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया। इसी बीच चार लोग वहां पहुंचे और नितेश समेत मौके पर मौजूद अन्य लोगों पर चाकू से हमला कर दिया। हमलावरों ने ताबड़तोड़ वार किए। इस दौरान नितेश के सीने में चाकू लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तत्काल जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
हमले में नितेश का छोटा भाई दिनेश और कर्मचारी कमल भी घायल हो गए। वारदात के बाद शोर-शराबा होने पर चारों हमलावर मौके से फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अस्पताल पहुंची और घायलों से जानकारी जुटाने के साथ घटनाक्रम की जांच शुरू कर दी। पुलिस फरार आरोपितों की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।
नितेश अपने पीछे पत्नी पार्वती देवी और पुत्री लक्षिता को छोड़ गए हैं। घटना के बाद से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं, दिनदहाड़े हुई इस वारदात से क्षेत्र में दहशत का माहौल है।
For latest news updates click here

Chief Editor, Aaj Khabar
