Haldwani: हल्द्वानी के एक बुजुर्ग कारोबारी दंपती को कथित हनीट्रैप में फंसाकर ब्लैकमेलिंग, करोड़ों रुपये की वसूली और संपत्ति हड़पने के मामले में उत्तराखंड हाईकोर्ट ने आरोपी महिला को अंतरिम राहत दी है। न्यायमूर्ति पंकज पुरोहित की एकल पीठ ने महिला की याचिका पर सुनवाई करते हुए बुधवार तक उसकी गिरफ्तारी पर रोक लगा दी है। साथ ही राज्य सरकार को मामले में निर्देश प्राप्त कर बुधवार को अदालत के समक्ष पक्ष रखने को कहा है।
मामले के अनुसार, हल्द्वानी निवासी एक बुजुर्ग कारोबारी ने एक महिला समेत छह लोगों के खिलाफ हनीट्रैप में फंसाकर ब्लैकमेलिंग करने और करोड़ों रुपये की अवैध वसूली करने के आरोप लगाए हैं। शिकायतकर्ता का आरोप है कि आरोपियों ने फोटो और वीडियो सार्वजनिक करने की धमकी देकर उससे मोटी रकम वसूली। इतना ही नहीं, उसकी संपत्ति भी हड़प ली गई। पीड़ित ने इस संबंध में नैनीताल के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को शिकायत देकर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और सुरक्षा की मांग की थी।
इसी मामले में दर्ज प्राथमिकी को चुनौती देते हुए आरोपी महिला की ओर से उत्तराखंड हाईकोर्ट में आपराधिक याचिका दाखिल की गई थी। याचिका में प्राथमिकी के तथ्यों को अदालत के समक्ष रखते हुए गिरफ्तारी पर रोक लगाने की मांग की गई। सुनवाई के दौरान याचिकाकर्ता, राज्य सरकार और शिकायतकर्ता पक्ष के अधिवक्ताओं की दलीलें सुनने के बाद अदालत ने बुधवार तक महिला की गिरफ्तारी पर अंतरिम रोक लगा दी। अब राज्य सरकार को मामले में अपना पक्ष रखने के निर्देश दिए गए हैं।
For latest news updates click here

Chief Editor, Aaj Khabar
