Haridwar Kumbh 2027 Uttarakhand Government
Headlines

Dehradun: मुख्यमंत्री धामी से मिलीं आंगनबाड़ी संगठनों की प्रतिनिधिमंडल, दिसंबर से मानदेय बढ़ाने के फैसले पर जताया आभार

Dehradun: मुख्यमंत्री धामी से मिलीं आंगनबाड़ी संगठनों की प्रतिनिधिमंडल, दिसंबर से मानदेय बढ़ाने के फैसले पर जताया आभार
शेयर करे-

Dehradun: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से रविवार को मुख्यमंत्री आवास में आंगनबाड़ी कार्यकत्री/सेविका कर्मचारी यूनियन उत्तराखंड और उत्तरांचल आंगनबाड़ी कर्मचारी संघ के प्रतिनिधिमंडलों ने मुलाकात की। इस दौरान प्रतिनिधियों ने आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों, सहायिकाओं और भोजन माताओं का दिसंबर 2026 से मानदेय बढ़ाने की घोषणा के लिए मुख्यमंत्री का आभार जताया।

प्रतिनिधिमंडलों ने कहा कि राज्य सरकार के इस निर्णय से आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों और सहायिकाओं को आर्थिक मजबूती मिलेगी। साथ ही उनके मनोबल में भी वृद्धि होगी। उन्होंने मानदेय बढ़ाने के फैसले को महिला कर्मचारियों के हित में महत्वपूर्ण कदम बताया।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां और सहायिकाएं प्रदेश में मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, पोषण, प्रारंभिक बाल विकास और जनकल्याणकारी योजनाओं को आम लोगों तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभा रही हैं। विशेष रूप से ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों में उनकी सेवाएं बेहद सराहनीय हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार मातृशक्ति के सम्मान, सशक्तीकरण और आर्थिक सुरक्षा के लिए लगातार काम कर रही है। आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां और सहायिकाएं समाज की महत्वपूर्ण कड़ी हैं। उनके योगदान को देखते हुए सरकार उनके हितों के संरक्षण और कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है।

उन्होंने कहा कि प्रदेश के समग्र विकास में महिलाओं की भागीदारी बेहद महत्वपूर्ण है। सरकार का प्रयास है कि विभिन्न क्षेत्रों में कार्यरत महिलाओं को बेहतर अवसर, सम्मान और जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों और सहायिकाओं के समर्पण एवं सेवाभाव से महिला और बाल विकास से जुड़ी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को मजबूती मिल रही है।

मुलाकात के दौरान आंगनबाड़ी कार्यकत्री/सेविका कर्मचारी यूनियन उत्तराखंड की प्रांतीय महासचिव चित्रकला, प्रांतीय कोषाध्यक्ष लक्ष्मी पंत, प्रांतीय उपाध्यक्ष ज्योतिका पांडे तथा उत्तरांचल आंगनबाड़ी कर्मचारी संघ की प्रदेश महामंत्री वृन्दा, प्रदेश अध्यक्ष भगवती बिष्ट और प्रदेश उपाध्यक्ष राजमती नेगी समेत दोनों संगठनों के अन्य पदाधिकारी एवं प्रतिनिधि मौजूद रहे।

For latest news updates click here

News Update

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *