Bhimtal: भीमताल विधानसभा क्षेत्र में लंबे समय से खराब पड़े चाफी से पदमपुरी धारी मोटर मार्ग पर डामरीकरण कार्य शुरू हो गया है। सोमवार को विधायक एवं मंत्री राम सिंह कैड़ा ने निर्माणाधीन मोटर मार्ग का निरीक्षण कर कार्य की गुणवत्ता का जायजा लिया। उन्होंने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को गुणवत्ता के साथ डामरीकरण कार्य शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए।
चाफी से पदमपुरी धारी तक मोटर मार्ग खराब होने के कारण ग्रामीणों, किसानों और पर्यटकों को आवागमन में लंबे समय से परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। क्षेत्रवासियों ने मंत्री राम सिंह कैड़ा से मार्ग पर डामरीकरण कराने की मांग की थी। जनता की समस्या को देखते हुए मंत्री कैड़ा ने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को मार्ग के डामरीकरण के लिए डीपीआर तैयार कर शासन को भेजने के निर्देश दिए थे।
मंत्री कैड़ा के प्रयासों के बाद मोटर मार्ग के डामरीकरण के लिए 9 करोड़ 37 लाख रुपये की स्वीकृति मिली। इसके बाद मार्ग पर डामरीकरण का कार्य शुरू किया गया है। निरीक्षण के दौरान मंत्री ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि निर्माण कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और निर्धारित मानकों के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण कार्य किया जाए।
मंत्री राम सिंह कैड़ा ने कहा कि क्षेत्र की जनता को बेहतर सड़क सुविधा उपलब्ध कराने के लिए लगातार मोटर मार्गों पर डामरीकरण का कार्य कराया जा रहा है। भीमताल विधानसभा क्षेत्र के ओखलकांडा, धारी, रामगढ़ और भीमताल ब्लॉक सहित प्रदेश के क्षतिग्रस्त मोटर मार्गों को दुरुस्त करने की दिशा में सरकार लगातार काम कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक क्षेत्र में जनता की समस्याओं का समाधान हो, इसके लिए सरकार पूरी गंभीरता से कार्य कर रही है।

Chief Editor, Aaj Khabar
