Roorkee: हरिद्वार जिले के धनोरी क्षेत्र में सोमवार को अमृत लॉ कॉलेज परिसर में उस समय हड़कंप मच गया, जब बाथरूम की ओर बनी बिल्डिंग का एक हिस्सा अचानक भरभराकर ढह गया। हादसे के दौरान कॉलेज परिसर में ठहरी पीएसी की प्लाटून के एक जवान के मलबे में दबने की सूचना सामने आई है।
जानकारी के अनुसार, पिरान कलियर क्षेत्र के धनोरी स्थित अमृत लॉ कॉलेज में पीएसी की एक प्लाटून ठहरी हुई थी। इसी दौरान अचानक भवन का एक हिस्सा ढह गया। हादसा होते ही मौके पर मौजूद पीएसी जवानों में अफरा-तफरी मच गई।
घटना की सूचना मिलते ही पिरान कलियर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक कमल मोहन भंडारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस टीम ने तत्काल राहत और बचाव कार्य शुरू करते हुए मलबा हटाने का काम शुरू किया। पीएसी जवानों और पुलिसकर्मियों की टीम मलबे में दबे जवान को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए रेस्क्यू अभियान में जुटी हुई है।
फिलहाल जवान की स्थिति को लेकर आधिकारिक तौर पर विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है। वहीं, भवन का हिस्सा अचानक गिरने की वजह भी अभी स्पष्ट नहीं हो पाई है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।

Chief Editor, Aaj Khabar
