Haldwani: हल्द्वानी-लालकुआं राष्ट्रीय राजमार्ग पर तेज रफ्तार और लापरवाही का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। कोतवाली क्षेत्र के वीआईपी गेट के पास रेलवे पुल के नीचे रविवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। अज्ञात तेज रफ्तार वाहन ने स्कूटी सवार युवक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में गंभीर रूप से घायल युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई। चिंताजनक बात यह है कि पिछले चार दिनों में इस हाईवे पर यह चौथा हादसा है, जिसमें चार लोगों की जान जा चुकी है।
जानकारी के अनुसार, बेरीपड़ाव निवासी 30 वर्षीय आनंद पवार रविवार को स्कूटी से पंतनगर में आयोजित किसान मेला देखने जा रहे थे। जैसे ही वह वीआईपी गेट के पास रेलवे पुल के नीचे हाईवे पर पहुंचे, पीछे से आए एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उनकी स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि स्कूटी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और आनंद सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे के बाद आरोपी चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। आसपास मौजूद लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही लालकुआं कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और एंबुलेंस की मदद से घायल आनंद को सुशीला तिवारी अस्पताल पहुंचाया। हालांकि, अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। हादसे की खबर मिलते ही मृतक के परिवार में कोहराम मच गया।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं, हादसे को अंजाम देने वाले वाहन की पहचान के लिए हाईवे और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस का कहना है कि आरोपी चालक की पहचान कर जल्द ही उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
लगातार हो रहे हादसों से हल्द्वानी-लालकुआं हाईवे की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं। महज चार दिनों में चार हादसों में चार लोगों की मौत के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश और दहशत का माहौल है। लोगों ने वीआईपी गेट रेलवे पुल के आसपास पुलिस गश्त बढ़ाने, यातायात व्यवस्था मजबूत करने और तेज रफ्तार वाहनों पर प्रभावी कार्रवाई की मांग की है।

Chief Editor, Aaj Khabar
