Roorkee: रुड़की तहसील कार्यालय में विजिलेंस ने भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक पीआरडी जवान को रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया है। आरोपी जमीन के दाखिल-खारिज की प्रक्रिया पूरी कराने के बदले 4,500 रुपये की रिश्वत मांग रहा था। शिकायत मिलने के बाद विजिलेंस ने जाल बिछाकर कार्रवाई की और आरोपी को मौके से दबोच लिया।
जानकारी के अनुसार शिकायतकर्ता ने विजिलेंस के टोल फ्री नंबर 1064 पर शिकायत दर्ज कराई थी कि उसकी बहन की भूमि का दाखिल-खारिज रजिस्टर में दर्ज कराने के एवज में रुड़की तहसील कार्यालय में पेशकार का कार्य देख रहे पीआरडी जवान संदीप कुमार रिश्वत की मांग कर रहे हैं। शिकायत की गोपनीय जांच में आरोप सही पाए जाने पर विजिलेंस सेक्टर देहरादून ने ट्रैप टीम का गठन किया।
शुक्रवार को टीम ने रुड़की तहसील कार्यालय में कार्रवाई की। इस दौरान शिकायतकर्ता जब रिश्वत की रकम लेकर आरोपी के पास पहुंचा तो संदीप कुमार ने पैसे खुद लेने के बजाय अपने एक साथी को थमा दिए और उसे वहां से जाने को कहा। हालांकि विजिलेंस टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए संदीप कुमार को गिरफ्तार कर लिया, जबकि उसका साथी रिश्वत की रकम लेकर फरार हो गया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान संदीप कुमार पुत्र बीरबल निवासी ग्राम थिथौला, थाना मंगलौर के रूप में हुई है। विजिलेंस ने उसके खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। वहीं फरार आरोपी की पहचान कर उसकी गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।
विजिलेंस विभाग ने आम जनता से अपील की है कि यदि कोई सरकारी कर्मचारी किसी कार्य के बदले रिश्वत की मांग करता है तो इसकी सूचना तत्काल टोल फ्री नंबर 1064 पर दें, ताकि भ्रष्टाचार के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई की जा सके।

Chief Editor, Aaj Khabar
