Haldwani: उत्तराखंड में वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच कांग्रेस की अंदरूनी गुटबाजी और नेताओं के बीच कथित मनमुटाव को लेकर उठ रहे सवालों पर पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने खुलकर जवाब दिया है। उन्होंने पार्टी में किसी भी तरह के मतभेद, मनभेद या बिखराव से इनकार करते हुए दावा किया कि कांग्रेस इस बार 45 से अधिक विधानसभा सीटें जीतकर प्रदेश में सरकार बनाएगी।
हल्द्वानी में पत्रकारों से बातचीत के दौरान हरीश रावत ने कहा कि कांग्रेस के भीतर कहीं कोई गुटबाजी नहीं है और न ही संगठन में बिखराव की स्थिति है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि कांग्रेस में अगर किसी को जरा-सा भी छेद नजर आ जाए तो लोग उसमें उंगली डालने की कोशिश करने लगते हैं। उनके इस बयान को पार्टी की एकजुटता पर उठ रहे सवालों का जवाब माना जा रहा है।
इसी दौरान हरीश रावत ने पत्रकारों को सोनिया गांधी की चर्चित पुस्तक ‘Belonging: A Journey of Love’ के बारे में भी जानकारी दी। उन्होंने पुस्तक की चर्चा करते हुए सभी पत्रकारों को इसकी प्रतियां भेंट कीं। इस दौरान पुस्तक को लेकर भी पत्रकारों के बीच बातचीत हुई।
दरअसल, उत्तराखंड में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस के भीतर नेतृत्व, चुनावी रणनीति और टिकटों के बंटवारे को लेकर चर्चाएं लगातार तेज हैं। पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत की धन्यवाद एवं जनसंवाद यात्रा को लेकर भी पार्टी नेतृत्व के साथ समन्वय का मुद्दा सामने आया था। अक्टूबर में कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव केसी वेणुगोपाल ने स्पष्ट किया था कि पार्टी के सभी कार्यक्रम सामूहिक रूप से और संगठन के बैनर तले संचालित किए जाने चाहिए।
इसी बीच हाल के दिनों में हरीश रावत और नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य के बीच कथित तल्ख बातचीत का वीडियो सामने आने के बाद कांग्रेस की अंदरूनी स्थिति को लेकर राजनीतिक चर्चाओं ने और जोर पकड़ लिया था। हालांकि, इसके बाद दोनों नेताओं की देहरादून स्थित कांग्रेस कार्यालय में साथ बातचीत करते हुए तस्वीरें भी सामने आईं, जिन्हें आपसी तालमेल के संदेश के तौर पर देखा गया।
हरीश रावत उत्तराखंड कांग्रेस के सबसे अनुभवी और प्रभावशाली नेताओं में शामिल हैं। वह वर्ष 2014 से 2017 तक प्रदेश के मुख्यमंत्री रहे हैं। वर्ष 2016 में कांग्रेस के भीतर हुई बगावत और राष्ट्रपति शासन के घटनाक्रम के दौरान भी उन्हें बड़े राजनीतिक संकट का सामना करना पड़ा था। ऐसे में चुनाव से पहले पार्टी की एकजुटता को लेकर उनका बयान राजनीतिक रूप से अहम माना जा रहा है।
वहीं, रावत हाल ही में यह भी स्पष्ट कर चुके हैं कि वर्ष 2027 में कांग्रेस की जीत होने पर मुख्यमंत्री कौन बनेगा, इसका फैसला पार्टी हाईकमान और राहुल गांधी करेंगे। फिलहाल उनका पूरा जोर कांग्रेस को 45 से अधिक सीटें जिताने पर है।
हल्द्वानी में पत्रकारों से बातचीत के दौरान हरीश रावत के दिए गए बयानों को राजनीतिक एवं संवाद के नजरिये से अहम माना जा रहा है। अब सवाल यह है कि पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के बीच एकजुटता का उनका दावा चुनावी मैदान में कितना असर दिखा पाता है और क्या कांग्रेस वास्तव में 45 से अधिक सीटें जीतने के लक्ष्य तक पहुंच पाएगी।
For latest news updates click here

Chief Editor, Aaj Khabar
