Haridwar: भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं उत्तराखंड प्रदेश प्रभारी राम माधव ने कहा कि उत्तराखंड में भारतीय जनता पार्टी ही शासन की स्वाभाविक पार्टी है। देवभूमि और वीरभूमि की सांस्कृतिक पहचान का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि भाजपा सांस्कृतिक राष्ट्रवाद की विचारधारा पर चलने वाली पार्टी है। ऐसे में प्रत्येक कार्यकर्ता को वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में लगातार तीसरी बार सरकार बनाने के लक्ष्य के साथ पूरी ताकत से मैदान में उतरना होगा।
रविवार को हरिद्वार के प्रेमनगर आश्रम में आयोजित भाजपा की दो दिवसीय विस्तारित प्रदेश कार्यसमिति को संबोधित करते हुए राम माधव ने कहा कि भाजपा ऐसी पार्टी है, जहां सामान्य कार्यकर्ता भी अपनी योग्यता और मेहनत के दम पर टिकट का दावेदार बन सकता है। पार्टी में परिवारवाद और धनबल के आधार पर फैसले नहीं होते। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इसका सबसे बड़ा उदाहरण हैं, जिन्होंने एक सामान्य कार्यकर्ता के रूप में अपनी राजनीतिक यात्रा शुरू की।
उन्होंने टिकट के दावेदारों और पार्टी कार्यकर्ताओं से धैर्य बनाए रखने की अपील करते हुए कहा कि चुनाव में टिकट किसी एक व्यक्ति को ही मिलेगा, लेकिन पार्टी की जीत सामूहिक प्रयासों से सुनिश्चित होगी। इसलिए टिकट की दावेदारी से ऊपर उठकर सभी कार्यकर्ताओं को एकजुट होकर भाजपा की जीत के लिए काम करना होगा।
राम माधव ने बताया कि दिल्ली, पंजाब और हिमाचल प्रदेश से आए विस्तारक जिला केंद्रों में रहकर पार्टी के संगठनात्मक कार्यों में सहयोग करेंगे। उन्होंने कहा कि प्रदेश में भाजपा के पक्ष में उत्साह और अनुकूल माहौल है। ऐसे में पार्टी को किसी बाहरी ताकत से खतरा नहीं है, जरूरत केवल कार्यकर्ताओं की निरंतर सक्रियता बनाए रखने की है।
उन्होंने उत्तराखंड राज्य के गठन में पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी और तत्कालीन उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री राजनाथ सिंह के योगदान को भी याद किया। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड के 27 वर्षों के इतिहास में जनता ने 17 वर्षों तक भाजपा को प्रदेश की सेवा करने का अवसर दिया है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व की सराहना करते हुए राम माधव ने कहा कि भाजपा केवल चुनाव जीतने वाली नहीं, बल्कि नए रिकॉर्ड बनाने वाली पार्टी है। उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश जैसे राज्यों में हर पांच साल में सरकार बदलने की परंपरा को भाजपा ने तोड़ा है। दस वर्षों के सफल शासन के बाद अब पार्टी अगले पांच वर्षों तक भी निरंतर जनसेवा के संकल्प के साथ आगे बढ़ रही है।
उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की एक करोड़ बीस लाख धर्मनिष्ठ और देशभक्त जनता का आशीर्वाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा के साथ रहा है। आदि कैलाश से लेकर बदरीनाथ धाम तक हुए विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि देवभूमि में विकास की यह यात्रा आगे भी जारी रहनी चाहिए। भगवान महादेव के आशीर्वाद से केंद्र में प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में सशक्त सरकार काम कर रही है और इसे कमजोर नहीं होने देना है।
अंत में राम माधव ने कार्यकर्ताओं से पूरी निष्ठा, समर्पण और सक्रियता के साथ चुनावी तैयारियों में जुटने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि भाजपा को उत्तराखंड में लगातार तीसरी बार सरकार बनाने के लक्ष्य के साथ आगे बढ़ना है, ताकि प्रदेश में विकास और जनसेवा की निरंतरता बनी रहे।
For latest news updates click here

Chief Editor, Aaj Khabar
