Haldwani: आयुक्त एवं मुख्यमंत्री के सचिव दीपक रावत ने सोमवार को हल्द्वानी स्थित कैंप कार्यालय में जनसुनवाई कर लोगों की भूमि विवाद, दुर्घटना बीमा, जमीन का हिस्सा दिलाने और प्लॉट पर कब्जा दिलाने सहित विभिन्न समस्याएं सुनीं। इस दौरान उन्होंने अधिकांश मामलों का मौके पर ही समाधान कराया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
जनसुनवाई में हल्द्वानी निवासी अनिता ने पूर्व में शिकायत की थी कि उनके पति भूतपूर्व सैनिक थे, जिनकी सड़क दुर्घटना में मृत्यु हो गई थी। उनके पति की पेंशन बैंक ऑफ बड़ौदा में आती थी, लेकिन परिवार को दुर्घटना बीमा की धनराशि नहीं मिल पाई। इस पर आयुक्त दीपक रावत ने सोमवार को जिला सैनिक कल्याण अधिकारी और बैंक ऑफ बड़ौदा के अधिकारियों को तलब कर बीमा क्लेम नहीं मिलने का कारण पूछा।
बैंक अधिकारियों ने बताया कि दुर्घटना बीमा का लाभ प्राप्त करने के लिए पूर्व सैनिक का खाता रक्षा पेंशन पैकेज के अंतर्गत मैप होना और उसमें नियमित रूप से पेंशन जमा होना जरूरी है। सामान्य बचत खाते पर दुर्घटना बीमा का लाभ नहीं मिलता है। अधिकारियों ने जानकारी दी कि रक्षा पेंशन पैकेज के तहत पात्र पूर्व सैनिक की दुर्घटना में मृत्यु होने पर बैंक की ओर से लगभग 35 लाख रुपये का बीमा कवर दिया जाता है।
इस पर आयुक्त ने जिला सैनिक कल्याण अधिकारी को निर्देश दिए कि रक्षा पेंशन पैकेज के तहत मिलने वाले दुर्घटना बीमा की जानकारी का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए, ताकि सभी पूर्व सैनिक अपने बैंक खातों को इस पैकेज के अंतर्गत मैप करा सकें और उनके परिवारों को बीमा सुरक्षा का लाभ मिल सके।
एक अन्य मामले में हल्द्वानी निवासी मुकेश भट्ट ने शिकायत की कि उन्होंने दो वर्ष पूर्व भूमि खरीदने के लिए माया देवी को 5.50 लाख रुपये दिए थे, लेकिन उन्हें न तो जमीन मिली और न ही उनकी धनराशि वापस की गई। इस पर आयुक्त ने दोनों पक्षों को कार्यालय में बुलाकर आपसी समझौता कराया और एक महीने के भीतर मुकेश भट्ट को 5.50 लाख रुपये वापस करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्धारित समयावधि में धनराशि वापस नहीं करने पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
वहीं, जसपुर निवासी अनिता शर्मा ने बताया कि उनकी 60 बीघा भूमि को लेकर पारिवारिक विवाद चल रहा है और इस संबंध में न्यायालय से स्थगन आदेश लिया गया है। इसके बावजूद दूसरा पक्ष भूमि पर फसल बोने, तारबाड़ करने और टीन शेड बनाने का कार्य कर रहा है। मामले का संज्ञान लेते हुए आयुक्त दीपक रावत ने स्पष्ट किया कि जिस भूमि पर न्यायालय का स्थगन आदेश लागू है, वहां न्यायालय का अगला आदेश आने तक किसी भी प्रकार का निर्माण या अन्य गतिविधि नहीं की जा सकती। उन्होंने दूसरे पक्ष को चेतावनी दी कि आदेश का उल्लंघन करने पर कार्रवाई की जाएगी।

Chief Editor, Aaj Khabar
