Haldwani: नाबालिग से दुष्कर्म के मामले को लेकर चर्चाओं में आए पनियाली स्थित त्रिशूल होमस्टे के खिलाफ प्रशासन ने अब अतिक्रमण हटाने की बड़ी कार्रवाई की है। बुधवार को प्रशासनिक टीम ने होटल परिसर में सरकारी भूमि पर किए गए अवैध निर्माण को बुलडोजर चलाकर ध्वस्त कर दिया। प्रशासन ने यह कार्रवाई संबंधित पक्ष को पहले नोटिस जारी करने और नियमानुसार प्रक्रिया पूरी करने के बाद की। इससे पहले प्रशासन होटल को सील भी कर चुका है।
दरअसल, नाबालिग से दुष्कर्म का मामला सामने आने के बाद त्रिशूल होमस्टे भी जांच और प्रशासनिक कार्रवाई के दायरे में आ गया था। इस मामले में एबीवीपी के अध्यक्ष पद के प्रत्याशी समेत चार आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था। पुलिस ने चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया था। घटना के सामने आने के बाद होटल को लेकर भी चर्चाएं तेज हो गई थीं।
इसके बाद प्रशासन ने होटल से जुड़े तथ्यों और परिसर में सरकारी भूमि पर किए गए अतिक्रमण को गंभीरता से लेते हुए कार्रवाई शुरू की। जांच के दौरान सरकारी भूमि पर अतिक्रमण चिह्नित किए जाने के बाद संबंधित पक्ष को नोटिस जारी किया गया। नोटिस की प्रक्रिया पूरी होने के बाद बुधवार को प्रशासनिक टीम बुलडोजर और अन्य संसाधनों के साथ मौके पर पहुंची। टीम ने चिह्नित अतिक्रमण को ध्वस्त कर सरकारी भूमि को अतिक्रमणमुक्त कराया।
इस कार्रवाई के साथ ही प्रशासन ने स्पष्ट संदेश दिया है कि सरकारी भूमि पर अतिक्रमण के मामलों में नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। दुष्कर्म प्रकरण के बाद पहले होटल को सील किया जाना और अब सरकारी भूमि से अतिक्रमण हटाया जाना, त्रिशूल होमस्टे के खिलाफ प्रशासन की दूसरी बड़ी कार्रवाई मानी जा रही है।
For latest news updates click here

Chief Editor, Aaj Khabar
