Haridwar Kumbh 2027 Uttarakhand Government
Headlines

Bazpur: बाजपुर में भीषण अग्निकांड से चार परिवारों की गृहस्थी राख, नौ झोपड़ियां जलकर खाक

Bazpur: बाजपुर में भीषण अग्निकांड से चार परिवारों की गृहस्थी राख, नौ झोपड़ियां जलकर खाक
शेयर करे-

Bazpur: ऊधमसिंह नगर जिले में आग लगने की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। ताजा मामला बाजपुर क्षेत्र के ग्राम जोगीपुरा का है, जहां अज्ञात कारणों से लगी भीषण आग ने चार परिवारों की वर्षों की मेहनत से बसाई गृहस्थी को तबाह कर दिया। जोगीपुरा गुरुद्वारा साहिब के सामने लगी आग में करीब नौ झोपड़ियां पूरी तरह जलकर राख हो गईं। अग्निकांड के बाद चारों परिवार बेघर हो गए और उनके सामने रहने तथा रोजमर्रा की जरूरतों को पूरा करने का संकट खड़ा हो गया।

जानकारी के अनुसार, जोगीपुरा में चार परिवारों की करीब नौ झोपड़ियां बनी हुई थीं। घटना के समय परिवारों के अधिकांश सदस्य मजदूरी करने के लिए घर से बाहर गए हुए थे। इसी दौरान अचानक झोपड़ियों में आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और एक के बाद एक सभी झोपड़ियों को अपनी चपेट में ले लिया। आग की लपटें उठती देख महिलाओं ने शोर मचाना शुरू कर दिया। चीख-पुकार सुनकर गुरुद्वारा साहिब में मौजूद लोग और आसपास के ग्रामीण तत्काल मौके पर पहुंचे।

ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए झोपड़ियों के अंदर मौजूद विमला और लक्ष्मी को सुरक्षित बाहर निकाला। इसके बाद लोगों ने अपने स्तर से आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग की भयावहता के चलते वे उस पर काबू नहीं पा सके। सूचना मिलने पर दमकल विभाग की टीम भी मौके पर पहुंची। ग्रामीणों के सहयोग से अग्निशमन कर्मचारियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि, तब तक चारों परिवारों की नौ झोपड़ियां और उनमें रखा लगभग पूरा सामान जलकर राख हो चुका था।

आग इतनी भीषण थी कि झोपड़ियों में रखे टीवी, फ्रिज, कूलर, कपड़े, बिस्तर, जरूरी दस्तावेज, रसोई का सामान और गैस सिलिंडर तक इसकी चपेट में आ गए। पीड़ित परिवारों के मुताबिक, वर्षों की मेहनत से जुटाई गई उनकी पूरी गृहस्थी आग में तबाह हो गई। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार, अग्निकांड में करीब 10 से 15 लाख रुपये तक का नुकसान होने की आशंका है। हालांकि, वास्तविक क्षति का आकलन किया जाना अभी बाकी है।

अग्निशमन अधिकारी चंदन के अनुसार, आग लगने की सूचना मिलते ही दमकल वाहन को तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना किया गया था। ग्रामीणों की मदद से अग्निशमन कर्मचारियों ने आग पर काबू पाया। फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है और नुकसान का आकलन किया जा रहा है। घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है, हालांकि घरेलू सामान का काफी नुकसान हुआ है। स्थानीय स्तर पर करीब 10 लाख रुपये की क्षति सामने आई है।

अग्निकांड के बाद पीड़ित परिवारों का रो-रोकर बुरा हाल है। जिन परिवारों की छत और वर्षों की जमा-पूंजी एक ही झटके में छिन गई, उनके सामने अब दोबारा जीवन शुरू करने की चुनौती है। ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवारों को तत्काल आर्थिक सहायता और आवश्यक राहत सामग्री उपलब्ध कराने की मांग की है।

For latest news updates click here

News Update

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *