Bazpur: अवैध कच्ची शराब के निर्माण, बिक्री और भंडारण के खिलाफ आबकारी विभाग ने 12 सितंबर को विशेष प्रवर्तन अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई की। आबकारी आयुक्त के आदेश और जिला आबकारी अधिकारी, उधमसिंह नगर के निर्देशन में विभागीय टीमों ने बाजपुर क्षेत्र में संयुक्त रूप से छापेमारी की।
अभियान के तहत मसीत, कुईखेड़ी और जनता फार्म क्षेत्र में दबिश दी गई। इस दौरान क्षेत्र-4 बाजपुर, क्षेत्र-1 रुद्रपुर, क्षेत्र-3 काशीपुर और जनपदीय प्रवर्तन दल की संयुक्त टीम कार्रवाई में शामिल रही।
दबिश के दौरान अवैध रूप से संचालित 7 शराब भट्टियों को मौके पर नष्ट किया गया। इसके साथ ही कच्ची शराब तैयार करने के लिए रखा गया करीब 25,000 किलोग्राम लहन मौके पर ही नष्ट कर दिया गया।
टीमों ने आसपास के क्षेत्रों में तलाशी अभियान चलाया, जिसमें 310 लीटर कच्ची शराब बरामद की गई। बरामदगी और अवैध शराब निर्माण से जुड़े सभी मामलों में नियमानुसार अभियोग दर्ज किए गए हैं।
आबकारी विभाग ने स्पष्ट किया है कि अवैध कच्ची शराब के निर्माण, बिक्री और भंडारण के खिलाफ यह विशेष प्रवर्तन अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

Chief Editor, Aaj Khabar
