Haldwani: नैनीताल के जिला सूचना अधिकारी गिरिजा शंकर जोशी का रविवार को रानीबाग स्थित चित्रशिला घाट पर गमगीन माहौल में अंतिम संस्कार किया गया। 12 सितंबर की दोपहर आकस्मिक हृदयगति रुकने से उनके निधन की खबर से सूचना विभाग, प्रशासन और पत्रकारिता जगत में शोक की लहर दौड़ गई थी।
स्वर्गीय गिरिजा शंकर जोशी की अंतिम यात्रा रविवार सुबह करीब 8 बजे हल्द्वानी के बीके पुरम, रेनबो पब्लिक स्कूल के निकट बिठोरिया नंबर-1 स्थित उनके निवास से चित्रशिला घाट के लिए रवाना हुई। अंतिम यात्रा में बड़ी संख्या में परिजन, अधिकारी, कर्मचारी और पत्रकार शामिल हुए।
चित्रशिला घाट पर नैनीताल-ऊधमसिंह नगर सांसद अजय भट्ट, मीडिया सलाहकार समिति के उपाध्यक्ष ध्रुव रौतेला, दर्जा राज्यमंत्री शंकर कोरंगा, जिलाधिकारी नैनीताल ललित मोहन रयाल, सिटी मजिस्ट्रेट ए.पी. बाजपेयी, नगर आयुक्त पारितोष वर्मा, जिला विकास अधिकारी संतोष पंत, सहायक निर्वाचन अधिकारी हंसादत्त पांडे, संयुक्त निदेशक/महानिदेशक सूचना के प्रतिनिधि के.एस. चौहान, संपादक कमलेश भट्ट, जिला सूचना अधिकारी ऊधमसिंह नगर गोविंद बिष्ट, प्रभारी मीडिया सेंटर हल्द्वानी अहमद नदीम समेत सूचना विभाग के अधिकारी-कर्मचारी और जनपद के पत्रकार मौजूद रहे। सभी ने नम आंखों से स्वर्गीय जोशी को अंतिम विदाई दी।
गिरिजा शंकर जोशी अपने सरल, सहज, मिलनसार और जिंदादिल स्वभाव के लिए जाने जाते थे। हल्द्वानी और पूरे कुमाऊं के पत्रकारों से उनका लंबे समय से आत्मीय जुड़ाव रहा। पत्रकारों और अधिकारियों के बीच उनका व्यवहार हमेशा सहयोगपूर्ण और अपनत्व भरा रहा। उनके अचानक चले जाने से पत्रकारिता और प्रशासनिक जगत में गहरा खालीपन पैदा हो गया है।
स्वर्गीय जोशी अपने पीछे पत्नी, एक पुत्र और एक पुत्री सहित भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं। उनके निधन पर उपस्थित लोगों ने गहरा दुख व्यक्त करते हुए उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की और शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदनाएं व्यक्त कीं। सभी ने ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति और परिवार को इस अपार दुख को सहन करने की शक्ति देने की प्रार्थना की।
14 सितंबर को मीडिया सेंटर में होगी शोक सभा
स्वर्गीय जिला सूचना अधिकारी गिरिजा शंकर जोशी की स्मृति में 14 सितंबर 2026 को सुबह 11 बजे मीडिया सेंटर हल्द्वानी में शोक सभा आयोजित की जाएगी। इसमें सूचना विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, जनपद के पत्रकार और अन्य गणमान्य लोग शामिल होकर दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे।
आज खबर की पूरी टीम भी स्वर्गीय गिरिजा शंकर जोशी जैसे ईमानदार, सरल और नेकदिल इंसान को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करती है। उनका जाना पत्रकारिता और प्रशासनिक जगत के लिए अपूरणीय क्षति है। ईश्वर दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें और शोकाकुल परिवार को यह कठिन समय सहने की शक्ति प्रदान करें।

Chief Editor, Aaj Khabar
