Haldwani: शहर में रविवार दोपहर एक कार सर्विस सेंटर में अचानक भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते सर्विस सेंटर का स्पेयर पार्ट्स स्टोर, पब्लिक लाउंज और बिलिंग काउंटर इसकी चपेट में आ गए। अग्निकांड में सेंटर में रखा सोफा, फर्नीचर और अन्य सामान जलकर राख हो गया। वहीं, बिलिंग काउंटर पर रखी करीब डेढ़ लाख रुपये की नकदी भी आग की भेंट चढ़ गई।
जानकारी के अनुसार, घटना कालाढूंगी रोड स्थित ऊंचा पुल के पास एक कार सर्विस सेंटर की है। रविवार दोपहर करीब एक बजे अचानक सर्विस सेंटर से आग की लपटें उठने लगीं। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया। आग को तेजी से फैलता देख सेंटर में मौजूद कर्मचारियों में अफरा-तफरी मच गई। कुछ ही देर में आग ने सर्विस सेंटर के कई हिस्सों को अपनी चपेट में ले लिया।
घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग और मुखानी थाने की पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंच गई। मुख्य अग्निशमन अधिकारी राहुल किरार के निर्देश पर दो वाटर टेंडर के साथ दमकल कर्मियों ने आग बुझाने का अभियान शुरू किया। दमकल टीम ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाने के प्रयास तेज कर दिए।
सर्विस सेंटर संचालक विजय कुमार के अनुसार, अग्निकांड में बिलिंग काउंटर पर रखी करीब 1.50 लाख रुपये की नकदी भी जलकर नष्ट हो गई। इसके अलावा सेंटर में रखा फर्नीचर, सोफा और अन्य सामान भी आग की चपेट में आने से बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। फिलहाल दमकल विभाग की टीम आग बुझाने में जुटी हुई है। आग लगने के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा रहा है और अग्निकांड में हुए कुल नुकसान का आकलन किया जा रहा है।
For latest news updates click here

Chief Editor, Aaj Khabar
