Headlines

Bazpur: कुमाऊं में नशे के नेटवर्क पर प्रहार, बाजपुर में 23,896 कैप्सूल सहित अवैध दवाएं जब्त और दो गिरफ्तार

Bazpur: कुमाऊं में नशे के नेटवर्क पर प्रहार, बाजपुर में 23,896 कैप्सूल सहित अवैध दवाएं जब्त और दो गिरफ्तार
शेयर करे-

Bazpur: कुमाऊं पुलिस ने “ड्रग्स फ्री उत्तराखण्ड” अभियान के तहत नशे के अवैध नेटवर्क पर एक और निर्णायक प्रहार किया है। कुमाऊं रेंज SOTF, औषधि नियंत्रक विभाग और कोतवाली बाजपुर पुलिस की संयुक्त टीम ने बाजपुर क्षेत्र में स्थित मोमिन मेडिकल स्टोर से भारी मात्रा में नशीली व मनःप्रभावी दवाओं का जखीरा बरामद किया। टीम ने दुकान के मालिक काशिम अली व उसके पुत्र मौ० उवेश को गिरफ्तार कर लिया है। बरामदगी में कुल 23,896 कैप्सूल और 2,400 नशीली टैबलेट शामिल हैं।

आईजी कुमाऊं श्रीमती रिद्धिम अग्रवाल के निर्देशन में यह ऑपरेशन देर रात गुप्त सूचना के आधार पर चलाया गया। दुकान की जांच में अवैध रूप से बिक रहे SPAS PROXYMIN PLUS कैप्सूल मिले। दुकानदार के पास किसी भी प्रकार का वैध बिल या लाइसेंस प्रस्तुत नहीं किया जा सका। पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह नशीली दवाएँ अवैध रूप से बेचता है और बड़ी मात्रा में माल घर पर छुपाया गया है।

टीम ने तुरंत आरोपी के घर पर दबिश दी, जहाँ उसका पुत्र मौ० उवेश दो बड़े सूटकेस लेकर भागते हुए पकड़ा गया। घर के एक बंद कमरे, अलमारी और बेड से बड़ी मात्रा में अवैध दवाएं बरामद हुईं। बरामदगी में 11,056 SPAS PROXYMIN PLUS, 2,640 PROXIMO SPAS, 10,200 PATMOL–SPAS कैप्सूल और 2,400 Alprazolam टैबलेट शामिल हैं।

पूछताछ के दौरान मेडिकल स्टोर स्वामी कोई वैध अभिलेख प्रस्तुत नहीं कर सका। आरोपी ने बताया कि उसे ये दवाएं ठाकुरद्वारा से कोई युवक सप्लाई करता है, जिसका नाम वह स्पष्ट नहीं कर पाया। पुलिस ने अभियुक्तों के विरुद्ध NDPS Act, 1985 के तहत कोतवाली बाजपुर में मुकदमा दर्ज कर लिया है।

आईजी कुमाऊं ने स्पष्ट किया कि नशे के हर स्रोत, सप्लाई चैन और अवैध नेटवर्क को जड़ से समाप्त करने के लिए बिना किसी ढिलाई के अभियान चलाया जा रहा है। जन-सहभागिता, सतत चेकिंग और मुखबिर तंत्र की मजबूती के साथ ऐसे अभियान निरंतर जारी रहेंगे।