Headlines

Bazpur: बाजपुर में संदिग्ध हालात में युवक का शव मिलने से सनसनी, पहचान में जुटी पुलिस

Bazpur: बाजपुर में संदिग्ध हालात में युवक का शव मिलने से सनसनी, पहचान में जुटी पुलिस
शेयर करे-

Bazpur:  उधम सिंह नगर जिले के बाजपुर क्षेत्र में मंगलवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब ग्राम बरहैनी हुलशन गंज के पास एक अज्ञात युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में पड़ा मिला। शव पर सबसे पहले ग्रामीणों की नजर पड़ी, जिसके बाद उन्होंने तत्काल पुलिस को सूचना दी।

सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने की कार्रवाई शुरू की। साथ ही आसपास के लोगों से पूछताछ कर युवक की पहचान और घटना से जुड़ी जानकारी जुटाने का प्रयास किया गया।

प्रारंभिक जांच में युवक की शिनाख्त नहीं हो सकी है। शव मिलने की घटना के बाद क्षेत्र में दहशत और तरह-तरह की चर्चाओं का माहौल है। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आसपास से संभावित साक्ष्य एकत्र करने शुरू कर दिए हैं।

बाजपुर के क्षेत्राधिकारी अखिलेश कुमार ने बताया कि युवक की मौत के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल पाया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। पुलिस युवक की पहचान करने, उसके परिजनों का पता लगाने तथा आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने में जुटी हुई है।

पुलिस का कहना है कि मामले के हर पहलू की गहनता से जांच की जा रही है और जांच पूरी होने के बाद आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *